गुडग़ांव. गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के लिए गुडग़ांव का ताऊ देवी लाल स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। यहां हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाडिय़ा रविवार सुबह 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। समारोह की तैयारियों को प्रशासन ने शनिवार को अंतिम रूप दिया। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी पूरी व्यवस्था की है।
शहर के सभी नाकों व संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तैनात कर दी गई है। ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-29 स्थित जिमखाना क्लब के आसपास और गुडग़ांव-महरौली रोड पर विशेष रूप से पुलिस तैनात रहेगी। राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने जायजा लिया और हरियाणा पुलिस के महानिदेशक एसएन वशिष्ठ, अतिरिक्त महानिदेशक एसएस देशवाल ने परेड की रिहर्सल को देखा।
राज्यपाल रविवार को जिला परिषद हॉल परिसर में बने युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके तुरंत बाद वे घोड़ा पुलिस की अगुवाई में समारोह स्थल पर पहुंचेंगे, जहां पर वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। परेड का नेतृत्व हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में प्रशिक्षणाधीन भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी राहुल हुड्डा कर रहे हैं।
मार्च पास्ट में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन, हरियाणा पुलिस, हरियाणा ट्रैफिक पुलिस, गृहरक्षी बल, एनसीसी सीनियर डिवीजन, एनसीसी जूनियर डिवीजन, गल्र्स गाइड, लोकतंत्र के प्रहरी, इको-क्लब की टुकडिय़ां भाग ले रही हैं। मार्च पास्ट पर धुन हरियाणा पुलिस के बैंड की होगी। मार्च पास्ट के बाद महामहिम द्वारा समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों तथा स्वतंत्रता सेनानियों की विधवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा पुलिस के उपनिरीक्षक एवं योग के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वीरभान तथा सतविन्द्र कौर द्वारा योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा हरियाणा पुलिस की महिला कर्मियों द्वारा कराटे व मार्शल आर्ट का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा स्पेशल मास पीटी, लेजियम तथा पीटी शो का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात पुलिस के घुड़सवारों द्वारा टैट पैकिंग के करतब दिखाए जाएंगे। इसके बाद सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई झांकियां निकाली जाएंगी और जिला के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों आदि को सम्मानित किया जाएगा।