गुड़गांव. पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस ने एक मकान से एक युवती को पांच युवकों के साथ आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि आए दिन युवक अपने कमरों में कॉल गर्ल को बुलाकर रंगरलियां मनाते हैं। सदर थाने में युवकों व युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि साउथ सिटी वन के क्यू-ब्लॉक स्थित एक मकान में कुछ युवक व युवती रंगरलियां मना रहे हैं। मकान से गानों की तेज आवाज भी आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मकान में छापेमारी की, जहां पुलिस को पांच युवक और एक युवती आपत्तिजनक हालत में मिले, जिन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान सुमित, नवनीत, अमित, गौरव तथा अभिषेक के रूप में हुई। सभी आरोपी मूल रूप से हिसार के हैं और यहां अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। पुलिस को उनके कमरे से शराब तथा बियर की बोतलें भी मिली हैं। युवती दिल्ली के मुनिरका की रहने वाली है। युवती ने खुद को युवकों का दोस्त बताते हुए पुलिस कर्मियों पर ही रौब दिखाने का प्रयास किया, लेकिन जब महिला पुलिस अधिकारी ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने कबूल लिया कि आठ हजार रुपये की रकम लेकर वह यहां रातभर के लिए आई थी। इससे पहले भी वह कई बार आ चुकी है। पकड़े गए युवकों में से सुमित ने कमरा किराये पर ले रखा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।