पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Sohna Closed To Protest Death In Custody

हवालात में मौत के विरोध में सोहना बंद शांतिपूर्ण सीपी से मिले व्यापारी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सोहना। अपहरण के आरोप में हवालात में बंद वसीम की मौत के बाद व्यापारियों पर दर्ज हत्या के मामले का विराेध बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों ने शनिवार को बाजार बंद कर दिया। समूचे शहर के लोगों ने इस विरोध में बाजार बंद रखा। समस्त बाजारों से रैली निकाली गई और प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की निंदा की। इसके बाद कस्बे के सैकड़ों लोगों ने इस मामले में उचित कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्रर आलोक मित्तल से मिलकर अपनी मांग रखी।
पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि इस मामले में बेकसूर लोगों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। यह केस अब स्टेट क्राइम ब्रांच के पास है। इस मामले से जुड़ी सभी जांच व कार्रवाई स्टेट क्राइम ब्रांच ही करेगी।

गौरतलब है कि शुक्रवार को व्यापारी वर्ग के लोगों ने पंचायत कर अगले दिन बाजार बंद रखने का निर्णय लिया था। इसके बाद शनिवार की सुबह से ही व्यापारियों ने अपने दुकान बंद रखे। समस्त व्यापारी दुकानदार व स्थानीय लोग कस्बे के फव्वारा चौक पर जमा हुए। वहां से एक रैली निकाली जो मुख्य बाजार से होकर गुजरी। लोगों ने रैली के जरिए व्यापारियों पर मामला दर्ज किए जाने की निंदा की। इसके बाद कस्बे की अनाज मंडी में लोग जमा हुए। वहां जमा हुए लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने की सलाह दी गई।

रैली द्वारा बाजार बंद कराने के बाद सैकड़ों लोग अपने प्रस्ताव को लेकर गुड़गांव जाकर पुलिस कमिश्रर आलोक मित्तल से मिले। कस्बे में बंद की जानकारी मिलते ही चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई थी। रैली के दौरान भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
सोहना.हवालात में मौत मामले में दर्ज एफआईआर के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।