गुड़गांव। स्पोर्ट्स फिजिकल एक्सरसाइज इवेल्युएशन एंड डवलपमेंट (स्पीड) टैस्ट का दूसरा राउंड जिला गुड़गांव में सोमवार से शुरू हो गया, जो 13 फरवरी तक जारी रहेगा। स्पीड के दूसरे राउंड में जिला गुड़गांव से 2496 खिलाड़ी भाग लेंगे। 9 व 10 फरवरी को गुड़गांव ब्लॉक के टेस्ट लिए जाने हैं। पहले दिन केवल 237 खिलाड़ियों ने ही टेस्ट दिया। जबकि 989 खिलाड़ी अनुपस्थित रहे। जिला खेल अधिकारी रोशनी ने बताया कि स्पीड टैस्ट का पहला राउंड स्कूली स्तर पर लिया गया, जिसमें क्वालीफाई करने वाले 2496 खिलाड़ियों का चयन दूसरे राउंड में हुआ है।
इसी प्रकार, दूसरे राउंड में क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को तीसरे राउंड में शामिल किया जाएगा। तीसरा राउंड क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को स्पीड योजना के तहत शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्पीड योजना के तहत चयनित खिलाड़ी स्पोर्टस हॉस्टल, खेल नर्सरी व खेल एकेडमी में एडमिशन ले सकते है, जिन्हें खेल विभाग के कोचों द्वारा कोचिंग दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्पीड योजना के तहत 6 इवेंट रखे गए हैं। स्पीड योजना का दूसरा राउंड 9 व 10 फरवरी को गुडग़ांव ब्लॉक, 11 फरवरी को सोहना ब्लॉक, 12 फरवरी को फर्रुखनगर व 13 फरवरी को पटौदी ब्लॉक में आयोजित किया जाएगा।
गुड़गांव ब्लॉक के 1226 खिलाड़ियों में से मात्र 237 खिलाड़ी ही पहले दिन टेस्ट में शामिल हुए। हालांकि गुड़गांव ब्लॉक में मंगलवार को भी टेस्ट लिए जाएंगे।
1500 और 2000 रुपए दी जाएगी है स्कॉलरशिप: स्पीड योजना के तहत प्रदेशभर से कुल 5000 खिलाड़ियों को चयन किया जाना है। इस योजना के तहत प्रतिभागी खिलाड़ियों के 8 से 14 साल व 14 से 19 साल के दो समूह बनाए गए हैं। 8 से 14 साल तक के समूह में चयनित खिलाड़ियों को 1500 रुपए प्रति माह जबकि 14 से 19 साल तक के समूह में चयनित खिलाड़ियों को 2000 रुपए प्रतिमाह स्कॉलरशिप दी जाएगी।