पुन्हाना। हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने स्कूल प्रबंधन के आग्रह और अव्यवस्था को देखते हुए स्थानीय हैप्पी मॉडल स्कूल में 12 वीं की परीक्षाएं नहीं कराने का फैसला लिया है। इसके साथ इन स्कूलों में सेंटर वाले परीक्षार्थियों को पुन्हाना के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिफ्ट किया गया है। सोमवार को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं की परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न हुई। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी।
गौरतलब है कि शनिवार को सुबह 11 बजे हरियाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा पुन्हाना के हैप्पी मॉडल स्कूल में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान काफी हंगामा हुआ था। परीक्षाओं में नकल कराने आए लोगों ने स्कूल परिसर में जमकर उत्पात मचाया था। इस दौरान स्कूल में भारी तोड़ फोड़ भी की गई थी। इस पर स्कूल के संचालक नरेंद्र कुमार ने जिला उपायुक्त, एसडीएम, हरियाणा शिक्षा बोर्ड के आला अधिकारियों से आग्रह किया कि इस स्कूल में परीक्षाएं नहीं कराई जाएं। पुलिस सुरक्षा नहीं मिलने के चलते यहां स्थिति संभल नहीं पाती है। इस पर हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्र में बदलाव कर दिया।