पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • The Great Gift Of Freedom Franchise: Governor

स्वतंत्रता का सबसे बेहतरीन तोहफा मताधिकार : राज्यपाल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुडग़ांव. राष्ट्रीय मतदाता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह शुक्रवार को गुडग़ांव में आयोजित किया गया, जिसका विषय था 'नैतिकता मतदान'। मुख्य अतिथि हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाडिय़ा ने देशवासियों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का आह्वान किया कि वे चुनावी प्रजातंत्र में ज्यादा से ज्यादा अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
अपने संबोधन में पहाडिय़ा ने इस बात पर बल दिया कि प्रजातंत्र में हर व्यक्ति का महत्व है और हर व्यक्ति को अपना कत्र्तव्य समझते हुए अपना वोट बनवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का सबसे बेहतरीन तोहफा हमें मताधिकार के रूप में मिला है। मतदाता पंजीकरण में लक्ष्य से एक फीसदी दूर।
राज्यपाल ने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग का गठन किया गया था और सन 2011 से इस दिन को आयोग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। पहाडिय़ा ने कहा कि हरियाणा में 6 सितम्बर से 25 अक्टूबर 2013 तक चलाए गए मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में लगभग 8 लाख नए मतदाताओं ने अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाए हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में मतदाताओं की संख्या में 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो कुल जनसंख्या का 59.2 प्रतिशत हो गया है। हम लक्ष्य अनुपात से एक प्रतिशत से भी कम दूरी पर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2014 को किया गया है, जिसके अनुसार राज्य में अब कुल 15594427 मतदाता पंजीकृत हैं।
इससे पूर्व, विशिष्ट अतिथि हरियाणा के मुख्य सचिव एससी चौधरी ने अपने संबोधन में प्रदेश वासियों का आह्वान किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से ना छूटे। उन्होंने कहा कि मतदाता प्रतिशत में वृद्धि हो रही है, फिर भी कई उदासीन मतदाता मतदान के दिन वोट डालने नहीं जाते जो कि प्रजातंत्र में बहुत बड़ा पाप है।
स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी: समारोह में डीएसडी राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हेमवती श्योराण द्वारा लिखित हरियाणवी बोली में नुक्कड़ नाटक 'या वोट जरूरी सै, लोकतंत्र की धुरी सै' तथा 'हिन्द देश के हरियाणा में चाला होग्या, हद होगी इस हरियाणा मैं, शिक्षा के युग मैं यूं बदल्या है हरियाणा' गीत प्रस्तुत करके दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल ने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा युवाओं को फोटोयुक्त पहचान पत्र वितरित किए।
उन्होंने निर्वाचन विभाग द्वारा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर करवाई गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। इस मौके पर सभी उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी शांति पहाडिय़ा, हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव एस सी चौधरी, हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वालगद, राज्यपाल की सचिव नीलम प्रदीप कासनी, गुडग़ांव के डीसी शेखर विद्यार्थी, पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) नाजनीन भसीन सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।