पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नकल करने से रोका तो स्कूल पर जमकर किया पथराव, स्कूल संचालक को दी धमकी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुन्हाना। पुन्हाना के परीक्षा केन्द्र हैप्पी मॉडल स्कूल में दसवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान नकल करने व कराने से रोकने पर लोगों ने स्कूल पर ही पथराव कर दिया। हालांकि, इस पथराव में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन पथराव से स्कूल के दरवाजे व खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों के उग्र प्रदर्शन से स्कूल का स्टाफ कर्मी इतने डर गए कि जान बचाने के लिए उन्होंने अपने आप को कमरों में बंद कर लिया। इन लोगों ने स्टाफ के साथ मार-पीट करने के लिए कमरों के दरवाजे व खिड़कियां तक तोड़ डाली। स्कूल स्टाफ ने घटना की जानकारी पुन्हाना पुलिस व जिला पुलिस अधीक्षक को दी।

पुन्हाना सिटी चौकी प्रभारी भगवत प्रशाद पुलिस बल को लेकर मौके पर पंहुचे, लेकिन वे भीड़ को काबू में नहीं कर सके। उसके बाद पुन्हाना थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुचे गए। इसके बाद डीएसपी मनीष कुमार भी मौके पर पंहुचे और लोगों को शांत किया। इसके अलावा जिला पुलिस अधीक्षक ने मौके की नजाकत को समझते हुए आरएएफ की एक टुकड़ी पुन्हाना भेजी ताकि यह झगड़ा कोई सांप्रदायिक रूप न ले ले।

नकल कराने वालों की जुटी भीड़: अन्य दिनों की तरह की शनिवार को सुबह 11 बजे 10वीं कक्षा का पेपर शुरू होते ही स्कूल की छत पर नकल कराने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अपने-अपने बच्चे को नकल कराना शुरू कर दिया। स्कूल में अव्यवस्था फैल गई। स्थित संभालने के लिए स्कूल संचालक नरेंद्र कुमार ने पुलिस को कहा। इस पर एक पुलिसकर्मी लोगों को खदेडऩे के लिए छत पर पहुंचा तो एक युवक छत से नीचे कूद गया। इस पर चारों तरफ अफवाह फैला दी गई कि पुलिसकर्मी ने एक युवक को नीचे फेंक कर मार डाला। इस अफवाह के बाद लोगों ने स्कूल पर हमला कर दिया। इसके साथ ही स्कूल में भगदड़ मच गई। स्कूल की छत पर चढ़े हुए लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। कुछ लोग नीचे उतर आए और ऑफिस रूम की तरफ भागने लगे।
स्कूल के संचालक नरेंद्र कुमार ने स्टाफ को ऑफिस में बंद कर दिया तो लोगों ने ऑफिस का दरवाजा तोड़ दिया और सारी खिड़कियां भी तोड़ डाली। उन्होंने इसकी शिकायत पुन्हाना थाना प्रभारी के अलावा जिला पुलिस कप्तान व जिला उपायुक्त से की। एसपी ने मौके पर पुन्हाना थाना प्रभारी व सिटी चौकी प्रभारी भगवत प्रशाद को भेजा। लेकिन भीड़ इतनी जबरदस्त थी की पुलिस उग्र भीड़ को खदेडऩे में अक्षम थी। तभी मौके पर पुन्हाना के डीएसपी मनीष सहगल भारी पुलिस दलबल के साथ वहां पंहुचे जिन्हें देखकर उग्र भीड़ मौके से भाग गई। इतने में ही आरएएफ की टुकड़ी भी मौके पर पहुंच गई जिन्हें देखकर एक भी शरारती तत्व देखने को नहीं मिला। उसके बाद मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अब्बुल हसन व बोर्ड के कर्मचारियों ने संचालक को ढाढ़स बंधाया।
स्कूल के संचालक नरेंद्र कुमार की पत्नी ने बताया कि उनका घर स्कूल में ही है और उग्र भीड़ ने उनके घर पर भी हमला कर दिया और घर का दरवाजा तोड़ते हुए उनकी दस साल की बेटी को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि घर का दरवाजा मजबूत होने की वजह से टूटा नहीं, जिससे उनकी व उनके बच्चे बच गए। उन्होंने यह बात पुन्हाना के ड़ीएसपी मनीष सहगल के समक्ष कही। पुन्हाना के डीएसपी मनीष सहगल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस सेंटर में किस-किस स्कूल के सेंटर आए हैं। कुछ लोगों की वीडियोग्राफी की गई थी। जिसमें उनकी शक्लें साफ दिख रही हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
फोटो- हैप्पी मॉडल स्कूल में चल रही हरियाणा शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के दौरान नकल करवाने वालों द्वारा स्कूल में की गई तोड़फोड़।