गुड़गांव। वाहनों की टक्कर के दौरान गैंगस्टर के बड़े भाई को थप्पड़ मारना एक व्यापारी को महंगा पड़ गया। भीड़ के दौरान लगे थप्पड़ का बदला लेने के लिए गैंगस्टर का भाई कुछ देर बाद व्यापारी के घर अपने भाई व अन्य साथियों के साथ पहुंचा और व्यापारी व उसके दोस्त की धुनाई कर दी। इतना ही नहीं वह व्यापारी को उसके घर से अपनी गाड़ी में डालकर साथ ले गया। हालांकि कुछ दूर ले जाने के बाद व्यापारी को गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गया।
व्यापारी के भाई ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद सिटी थाना पुलिस व्यापारी के घर पहुंच गई और आरोपी गैंगस्टर के दोनों भाइयों के अलावा करीब आधा दर्जन युवकों के खिलाफ मारपीट व अपहरण सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन कर दिया है, जो उनकी गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक गाडौली निवासी ब्रह्मप्रकाश उर्फ मास्टर अपने भाई कुलदीप के साथ किसी काम से न्यू कॉलोनी पहुंचे थे। शाम को जब दोनों भाई अपनी गाड़ी से वापस लौट रहे थे तो न्यू कॉलोनी मोड़ पर उनकी गाड़ी किसी से टक्करा गई। इसी दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई और उनकी गाड़ी के शीशे आदि तोड़ डाले। लोगों की भीड़ में ही जीतू उर्फ जितेन्द्र निवासी मदनपुरी भी मौजूदा था।
आरोप है कि गुस्साए लोगों के साथ-साथ जीतू ने भी ब्रह्मप्रकाश को एक थप्पड़ मार दिया। लोगों की भीड़ में लगे थप्पड़ को वह दिल पर ले गया और उस समय तो वह चुप रहा, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने भाई कुलदीप व आठ-दस अन्य युवकों के साथ जीतू के घर पहुंच गया। बताया जाता है कि यहां पहुंचने के बाद जीतू व उसके दोस्त लक्की की जमकर धुनाई की तथा जीतू को अपनी गाड़ी में डालकर ले गया।
जीतू को गाड़ी में ले जाता देख उसके परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। व्यापारी के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और नाकेबंदी कर दी। करीब एक घंटे बाद आरोपी उसे रेलवे स्टेशन के पास अपनी गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गए।
^शहर के न्यू कॉलोनी मोड़ पर ब्रह्मप्रकाश व कुलदीप की गाड़ी किसी से टकरा गई थी। इस दौरान जीतू ने ब्रह्मप्रकाश को थप्पड़ मार दिया था। बाद में ब्रह्मप्रकाश ने आठ-दस अन्य युवकों को लेकर जीतू के घर पहुंच मारपीट की और उसे अपनी गाड़ी में डालकर ले गए। ब्रह्मप्रकाश गैंगस्टर संदीप गाडौली का बड़ा भाई है। जीतू के भाई अशोक बब्बर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
दीपक, चौकी प्रभारी, अर्जुन नगर, गुड़गांव