सोहना। अंबेडकर बाईपास चौक के पलवल मार्ग पर सीमेंट से भरे बेलगाम ट्राला ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। घटना मंगलवार देर रात की है। पांच लड़के सड़क किनारे खड़े थे। इस घटना में दो युवक बाल-बाल बच गए। ट्राला से कुचले गए तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अज्ञात चालक ट्राला को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
सोहना पुलिस ने हादसे में मरने वाले तीनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम करा अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अंबेडकर बाईपास चौक के पलवल मार्ग पर एक निजी अस्पताल के मेन गेट पर पांच युवक बातें कर रहे थे। उसी समय चौक की तरफ से तेज गति में आए बेकाबू ट्राला ने पांच में से तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। सीमेंट से भरे ट्राला ने उन्हें बुरी तरह से कुचल दिया। दो युवक अपने आप को बचाने में कामयाब रहे।
हादसे में मरने वाले युवकों की उम्र 27 से 33 वर्ष के बीच की है। मृतकों की पहचान कैलाश पुत्र रामानंद निवासी बालूदा, बृजेश पुत्र विजयपाल निवासी अंबेडकर बाईपास चौक मूल निवासी बालूदा और जिला मेवात के गांव कूर्थला निवासी रविन्द्र के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस तो तीन में से दो युवकों के क्षत-विक्षत शव सड़क पर चिपके हुए थे।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सोहना थाना पुलिस ने हादसे में मरने वाले तीनों युवकों के शवों का बुधवार की सुबह सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इनमें कैलाश व रविन्द्र के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया। जबकि बृजेश के शव को बुधवार को परिजनों ने लेने से इंकार कर दिया। परिजन शव गुरुवार को ले जाएंगे। मामले की जांच कर रहे हवलदार संजय सिंह ने बताया कि रविन्द्र की बहन अमेरिका में रहती है। परिजनों ने मृतक की बहन आने पर ही शव को लेने की इच्छा जताई है। जांच अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्राला को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अज्ञात चालक की तलाश में जुट गई है।