गुड़गांव। शहर में दो जगहों से दो लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आया है। एक मामले में कैट की तैयारी के लिए दिल्ली जा रही लड़की गायब हो गई, तो दूसरे मामले में पड़ोसी पर नाबालिग के अपहरण का आरोप लगा है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई हरीश ने बताया कि मूलरूप से इलाहाबाद निवासी एक युवक अपने परिवार के साथ शहर के शास्त्री नगर इलाके में किराए के मकान में रहता है। युवक ने सेक्टर-29 थाना पुलिस में शिकायत दी कि उसकी 19 वर्षीय बहन दिल्ली स्थित एक इंस्टीट्यूट में कैट परीक्षा की तैयारी करने के लिए जाती थी। युवक ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर को वह ट्रेनिंग के लिए दिल्ली गई थी। वापस आने पर उसने बताया कि वह एमजी रोड मेट्रो स्टेशन आ गई है। लेकिन वापस घर नहीं आई। उसे काफी तलाश करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
एएसआई हरीश ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरे मामले में चक्करपुर निवासी एक महिला ने सेक्टर-29 थाना पुलिस में शिकायत दी कि 12 सितंबर को उनके पड़ोस में रहने वाला मोहम्मद जब्बार उनकी नाबालिग 14 वर्षीय बेटी को बहला-फुसला कर कहीं ले गया। एएसआई हरीश ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है।