गुड़गांव। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सेक्टर-14 कॉलेज अध्यक्ष गरिमा गर्ग व जिला छात्रा प्रमुख कीर्ति कौशिक के नेतृत्व में छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया। छात्राओं ने बड़ी संख्या में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इससे महरौली-गुड़गांव रोड पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। उन्होंने कॉलेज प्रशासन व डीएमयू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अभाविप की छात्रा प्रमुख गरिमा गर्ग ने यूनिवर्सिटी में पेपर चेकिंग पर प्रश्न चिह्न लगाया। उन्होंने कहा कि ऑन्सर सीट जांच के लिए जो ठेके दिए जा रहे हैं, वे हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था का सत्यानाश कर देगी। उन्होंने कहा कि एक तो शिक्षण संस्थानों में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है, साथ ही यूनिवर्सिटी की मार्किंग प्रणाली संदेह के घेरे में है। जब तक यूनिवर्सिटी की मार्किंग प्रणाली में सुधार नहीं होगा, तब तक विद्यार्थी परिषद अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
इस अवसर पर अभाविप के विभाग संयोजक सतीश जुडोला व द्रोणाचार्य कॉलेज सेक्टर-9 कॉलेज के छात्र नेता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की। दोपहर एक बजे अभाविप ने अपनी जिला बैठक बुलाई, जिसमें मार्किंग प्रणाली में सुधार के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता सतीश जुडोला ने की। इस दौरान कॉलेज अध्यक्ष गरिमा गर्ग व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दलजीत यादव, सुमन दहिया, जितेंद्र यादव, विकास हुड्डा, संजय यादव, आकाश यादव सामी, पिंकी सिंह, रेखा यादव समेत सभी जिला कार्यकारिणी के कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर सतीश जुडोला ने कहा कि चुनाव समाप्ति के बाद अभाविप आरपार की लड़ाई लड़ेगी। इसमें मार्किंग प्रणाली में सुधार, छात्र संघ चुनाव बहाली, छात्रा सुरक्षा, सेमेस्टर प्रणाली में सुधार आदि मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
सेकंड सेमेस्टर के परीक्षा से भड़के छात्र
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को नन मेडिकल संकाय का परिणाम घोषित किया गया। इसमें कई छात्र-छात्राओं के शून्य अंक दिए गए हैं। ऐसे में छात्राओं का आरोप है कि एडमिशन कॉलेज में 80 प्रतिशत अंक लिए जाते हैं। यूनिवर्सिटी उन्हें शून्य नंबर देती है, जो उनके करियर को खराब कर रहे हैं।
फोटो- अपनी मांगों को लेकर सेक्टर-14 की छात्राएं प्रदर्शन करती हुईं।