गुड़गांव। स्वच्छ गुड़गांव अभियान के तहत शुक्रवार को लक्ष्मण विहार और सूरत नगर के बीच रेलवे लाइन से सटे क्षेत्र में सफाई की गई। रेलवे की जमीन होने के कारण यह क्षेत्र उपेक्षित रहा है। रेलवे लाइन क्रॉस करते समय एक दूसरे क्षेत्र के लोग यहां कूड़ा डालकर चले जाते हैं। आस-पास में सब्जी आदि बेचने वाले दुकानदार भी यहां पर कूड़ा डालते रहते हैं।
लक्ष्मण विहार और सूरत नगर में सफाई कर्मी भी इसे क्षेत्र को कूड़ेदान की तरह इस्तेमाल करते हैं। नगर निगम भी इस क्षेत्र में सफाई की जिम्मेवारी नहीं लेता। यहां काफी दिनों से कचरा पड़ा था। दैनिक भास्कर ने मौके का फोटो भेजकर समस्या उजागर की। दैनिक भास्कर की पहल पर नगर निगम के डिप्टी मेयर परमिंद्र कटारिया और वार्ड पार्षद मंगतराम बागड़ी ने निगम के सफाई कर्मियों को साथ लेकर पूरे क्षेत्र की सफाई कराई।
यहां से दो ट्रैक्टर ट्रॉली कचरा निकला। इस कार्य में तीन घंटे से अधिक समय लगा। इस अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। पूरी तैयारी के साथ सभी सुबह 9 बजे सफाई में जुट गए और दोपहर 12 बजे तक पूरे क्षेत्र को साफ कर दिया।
(सूरत नगर के खाली प्लॉटों में पड़ी गंदगी।)