गुड़गांव। मंगलवार को राजधानी दिल्ली के चुनाव परिणाम को लेकर गुड़गांव के लोगों में भी बड़ी उत्सुकता देखने को मिली। सुबह से लेकर शाम तक लोगों में चुनाव परिणाम पर ही सबसे अधिक चर्चा रही। आम आदमी पार्टी की इस जीत को लेकर जहां भाजपा नेताओं में मायूसी छाई रही, वहीं लोग अभूतपूर्व जीत को वर्ल्ड रिकॉर्ड बता रहे हैं। गुड़गांव से सटी दिल्ली की राजनीतिक उठापटक पर गुड़गांव के लोगों में काफी रुचि देखने को मिली।
गुड़गांव के सरकारी कार्यालयों में भी लोग दिल्ली की जनता के जनादेश को लेकर अचंभित रहे। सरकारी कर्मचारियों में इतनी उत्सुकता रही कि जो कार्यालय में कंप्यूटर व टीवी पर परिणाम नहीं देख पा रहे थे, वे बार-बार अपने जानकारों से दिल्ली के चुनाव परिणाम की जानकारी लेते दिखाई दिए।
आप कार्यालय पर रही रौनक: गुड़गांव में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अनिल शर्मा ने बताया कि गुड़गांव के गुरुद्वारा रोड स्थित पार्टी कार्यालय में दिल्ली की जीत को लेकर काफी चहल-पहल रही। दिनभर लोग यहां बधाई देने के लिए पहुंचते रहे। इसके अलावा गुड़गांव से सैकड़ों लोग दिल्ली स्थित पटेल नगर कार्यालय पर पहुंचे और वहां जीत का जश्न मनाया।
ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचे आप कार्यकर्ता
दिल्ली के चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर फिरोजपुर झिरका के अंबेडकर चौक पर खुशी का इजहार करते हुए आप कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाडों की धुन पर नाच एक-दूसरे को बधाई दी। आप के जिला संयोजक जफरुदीन पठान ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि दिल्ली में पार्टी की भारी बहुमत से जीत से जाहिर होता है कि अब देश में नरेन्द्र मोदी का जादू का रथ थम गया है। दिल्ली की जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जनता भाषण में नहीं राशन में व विकास में विश्वास करती है। इस मौके पर सेवानिवृत्त एसपी मोहम्मद इसहाक खान, डॉ. फारूक खान, पुष्पेंद्र, मास्टर बिलाल, कासम डेमरोत, पहलू खान, सुबेदीन, हनीफ फौजी, राजकुमार, निजर मौ.,नसीम खान सहित काफी संख्या में आप के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
केजरीवाल की ससुराल में मना जीत का जश्न
दिल्ली की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री
अरविंद केजरीवाल की ससुराल फर्रुखनगर के राजीव चौक, झज्जर रोड, दिल्ली दरवाजा आदि स्थानों पर बम पटाखे चलाकर विजय जुलूस निकाला। ज्ञात हो कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता के परिजन फर्रुखनगर के ही रहने वाले हैं, जो इन दिनों दिल्ली में रह रहे हैं। सुनीता लाला बनारसीदास की छोटी पुत्री हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुधीर यादव, डॉ. पंकज बेनीवाल, डॉ. मनीष पांडे, संजय उर्फ बबलू अग्रवाल, जितेंद्र यादव, रवि शर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने कहा कि आप की सरकार अपने वायदों के मुताबिक जनता की सेवा में तत्पर रहेगी। इस मौके पर सुमित यादव, नरेश शर्मा, राजेश गोयल, नवीन झुलझुली, सुरेश गोयल, राजकुमार गुप्ता, सोनू सैनी, नवीन जराऊ, राजकुमार फतेहपुर, विजय कुमार, अनिल, राहुल तायल, योगेंद्र कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
पटौदी में निकाला विजय जुलूस
आप कार्यकर्ताओं ने पटौदी हेलीमंडी में विजय जुलूस निकाला और अरविंद केजरीवाल के पक्ष में नारे लगाए। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की अगुवाई कर रहे प्रदीप कुमार का कहना था कि दिल्ली की जीत ऐतिहासिक है और केजरीवाल जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर प्रदीप कुमार, संजय यादव, भानू पलासौली, ललित कुमार जाटौली, सुरेंद्र शेरपुर, कुलदीप, राकेश सहित कई लोग मौजूद थे।