गुड़गांव। विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को हुडा कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। हुडा कर्मचारी के खिलाफ हुडा के ही एक पूर्व अधिकारी ने विजिलेंस में शिकायत दी थी। शिकायत के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाकर सेक्टर-14 स्थित हुडा कर्मचारी को दोपहर में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। विजिलेंस इंस्पेक्टर जगदीश कुमार ने बताया कि मूल रूप से रेवाड़ी निवासी देशराज ने विजिलेंस में हुडा कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की थी।
शिकायत में देशराज ने बताया कि वे भी डिप्टी सुपरिटेंडेंट के पद पर हुडा में काम कर चुके हैं और कुछ समय पहले वो रिटायर हुए हैं। रिटायर होने के बाद पेंशन जारी कराने के लिए कई बार सेक्टर-14 स्थित हुडा ऑफिस का चक्कर काटना पड़ा। पेंशन जारी होने से पहले विभाग द्वारा एनओसी जारी किया जाता है। एनओसी की फाइल एकाउंट विभाग में तैनात असिस्टेंट के पद पर तैनात सुभाष खुराना के पास थी।
फाइल पास करने के लिए ही सुभाष खुराना ने देशराज से 5000 रुपए मांगे थे। देशराज ने विजिलेंस से सुभाष खुराना द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत कर दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ रामफल की मौजूदगी में सुभाष खुराना को रंगे हाथों सेक्टर-14 स्थित हुडा ऑफिस से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद उसे सिविल लाइन थाने में रखा गया है। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
(फोटो- रिश्वत लेने के आरोप में विजिलेंस द्वारा गिरफ्तार हुडा कर्मचारी सुभाष खुराना बीच में।)