गुड़गांव। रन फॉर वूमन सेफ्टी के लिए रविवार को एमेटी द्वारा आयोजित हाफ मैराथन में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। हाफ मैराथन लेजर वैली ग्राउंड से शुरू हुई और अलग-अलग दूरी के तीन ट्रैक बनाए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया और एमेटी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर पीबी शर्मा मौजूद रहे। सुबह सात बजे शुरू हुई मैराथन में भारी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि परमिंद्र कटारिया ने कहा कि मैराथन के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करना एक सराहनीय कदम है। मैराथन में सभी आयु वर्गों के लोग हिस्सा ले सकें इसके लिए तीन ट्रैक बनाए गए थे। जिसमे 21 किलोमीटर, सात किलोमीटर और पांच किलोमीटर के ट्रैक शामिल थे। सबसे लंबी दूरी 21 किमी की दौड़ में ओएनज़ीसी में कार्यरत इंदरजीत पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि सात किलोमीटर और पांच किलोमीटर दौड़ में श्रीओम और पी आशुतोष ने पहला स्थान हासिल किया।
दूसरी ओर वेटरन कैटेगरी में दहिया ने 21 किलोमीटर दौड़ कर पहला स्थान हासिल किया। 21 किमी, 7 किमी और पांच किमी रन में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे धावकों को एमिटी यूनिवर्सिटी की ओर से ईनाम देकर सम्मानित किया गया। मैराथन आयोजन में एमिटी यूनिवर्सिटी, फ्री-कल्चर, होटल कंट्री इन एंड सुइट सेक्टर 29, बिग एफएम 92.7, ऊर्जा बाय बिसलरी, इंडिया हेल्थ हेल्प, मेदांता मेडिसिटी, कैप्री- सन जूस आदि पार्टनर का सराहनीय सहयोग रहा। मैराथन का थीम महिला सुरक्षा पर रखा गया था।
फोटो-वूमन सेफ्टी के लिए सेक्टर-29 के लेजरवैली ग्राउंड में आयाेजित अमेटी हाफ मैराथन में भाग लेते लोग।