गुड़गांव. एयरफोर्स आयुध डिपो के 900 मीटर दायरे में राजीव नगर में अनधिकृत निर्माण गिराने पहुंची नगर निगम और स्थानीय निवासियों के बीच जमकर टकराव हुआ। स्थानीय महिलाओं ने तोडफ़ोड़ दस्ते के अधिकारियों व पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
घरों के अंदर व छतों से पथराव के कारण काफी देर तक दस्ते को अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी। दो घंटे तक इंतजार के बाद दस्ते ने महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से पथराव कर रही महिलाओं को काबू कर लिया। महिला पुलिसकर्मी ने घरों में घुसकर महिलाओं को बाहर निकालना शुरू किया। उन्हें एक स्थान पर बिठा दिया गया, तब जाकर तोड़-फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई। इसके बाद लगातार दो घंटे तक अवैध निर्माण गिराने का काम चला।
निगम की ज्वाइंट कमिश्नर वीणा हुड्डा ने बताया कि राजीव नगर(पश्चिमी) में गुफा वाले मंदिर के पास एक मकान का लेंटर गिराने के लिए टीम पहुंची थी। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए 150 पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों की टीम निगम दस्ते के साथ मौजूद थी। हालांकि लोगों के विरोध के बाद भी अवैध रूप से डाला जा रहा लेंटर गिरा दिया गया। जानकारी मिली है कि इस निर्माण को गिराने की योजना पहले भी बनाई गई थी, लेकिन विरोध के डर से निगम अधिकारी कार्रवाई करने से झिझक रहे थे।
सोमवार को अवैध निर्माण को गिराने का निर्णय लिया गया। सुबह जब अधिकतर लोग अपने-अपने काम पर चले गए, तभी अचानक दस्ता मौके पर पहुंचा। निगम को उम्मीद थी कि वर्किग डे होने के कारण विरोध करने वालों की संख्या
कम होगी।