(शमा रेस्टोरेंट के बाहर नहीं दिखी महिला पीसीआर।)
गुड़गांव। सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने सार्वजनिक जगहों पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती के लिए 2 दिसंबर को आदेश दिया था। सीपी ने अधिक भीड़ वाले स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंदिर, बाजार, व्यावसायिक तथा शैक्षणिक संस्थाओं पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए थे।
इसके अलावा इन जगहों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी तैनात करने के लिए भी कहा था। लेकिन सीपी के इस आदेश को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। दैनिक भास्कर ने शुक्रवार को शहर के कई ऐसे स्थानों का जायजा लिया, मगर कहीं भी पीसीआर नहीं दिखी। पुलिस कमिश्नर ने विशेषकर शहर के कॉलेजों के बाहर महिला पीसीआर की तैनात के आदेश दिए थे, ताकि लड़कियों से छेड़छाड़ के मामले में कमी आ सके। लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ।
शुक्रवार को दैनिक भास्कर ने सेक्टर-14 स्थित राजकीय गर्ल्स कॉलेज व ओल्ड रेलवे रोड स्थित द्रोणाचार्य कॉलेज के बाहर का जायजा लिया। दोपहर बाद 1.15 बजे सेक्टर-14 स्थित राजकीय गर्ल्स कॉलेज के बाहर कोई महिला पीसीआर नहीं दिखी। यही हाल द्रोणाचार्य कॉलेज के बाहर था। यहां भी पीसीआर नजर नहीं आ रही थी। गेट के आस-पास कोई पुलिस कर्मी भी नजर नहीं आया। इसी दौरान रेलवे स्टेशन, सदर बाजार, सिविल अस्पताल क्षेत्र का जायजा लिया। यहां भी पीसीआर नजर नहीं आई।
पहले शमा रेस्टोरेंट के सामने एक पीसीआर खड़ी होती थी। यहां से पुलिस कर्मी सिविल अस्पताल के गेट पर भी नजर रखते थे, मगर शुक्रवार को यहां से भी पीसीआर नदारद रही।
हालांकि, दिल्ली दुष्कर्म के बाद स्कूल व कालेजों के बाहर गश्त करने के लिए 5 महिला पीसीआर की तैनाती की गई थी। शुरू में इसे गंभीरता से लिया गया। मगर धीरे-धीरे महिला पीसीआर गायब हो गई। हालांकि, पुलिस दावा कर रही है कि वर्तमान में कॉलेजों के बाहर कुल 4 पीसीआर तैनात हैं। मगर, जायजा लेने पर दावा झूठा निकला।
^सुबह के समय कई बार पीसीआर दिख जाती है। कॉलेज में छुट्टी के समय गेट के बाहर पीसीआर रहती है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। अगर छुट्टी के समय भी पीसीआर रहे तो ठीक रहेगा।
ज्ञानेंद्र सिंह, प्रिंसिपल, गर्ल्स कॉलेज सेक्टर-14
^कॉलेज के सामने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा पुलिस अधिकारियों को लिखे जाते रहे हैं। मगर, इधर कुछ दिनों से इसके बारे में पुलिस को कुछ भी नहीं लिखा गया है। कालेज के बाहर पीसीआर तैनात किया जाना आवश्यक है।
आरके यादव, प्रिंसिपल, द्रोणाचार्य कॉलेज
विभाग में केवल 343 महिला पुलिस
पुलिस विभाग में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाओं और जागरूकता कार्यक्रम का बोलबाला रहता है। लेकिन सच्चाई कुछ और है। 2011 की जनगणना में जिले में 6 लाख 97 हजार 742 महिलाओं के लिए केवल 343 महिला पुलिस की तैनाती की गई है। विभाग में महिला पुलिस की कमी कई जगह खल रही है।
पद आवश्यकता उपलब्धता
इंस्पेक्टर 6 2
सब इंस्पेक्टर 14 16
एएसआई 27 20
हेड कांस्टेबल 62 25
कांस्टेबल 350 280
आगे की स्लाइड में देखिए तस्वीरें...