गुडग़ांव. शहर में अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चों के गायब होने से पुलिस सकते में है। दोनों अपने घर से बाहर निकले और फिर काफी खोज-खबर लेने के बाद भी नहीं मिले। इनमें एक बारहवीं का छात्र है। दूसरे की उम्र नौ साल है। परिजनों ने पुलिस में दी शिकायत में अपहरण की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस लगातार बच्चों की तलाश में जुटी है।
छात्र सनसनीखेज तरीके से हुआ गायब
खांडसा रोड स्थित राजीव कॉलोनी निवासी अमर सिंह का १७ वर्षीय बेटा सज्जन सिंह २२ जनवरी को सनसनीखेज तरीके से गायब हो गया। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में पता चला है कि छात्र खांडसा रोड स्थित एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बारहवीं का छात्र है। २२ जनवरी को वह घर से स्कूल के लिए निकला उस समय उसके साथ उसका भाई मदन मोहन भी साथ था। भाई के अनुसार शांतिनगर के पास वह उसे छोड़कर अकेला निकल गया।
२२ जनवरी को सज्जन घर नहीं लौटा। स्कूल में जानकारी लेने पर पता चला कि वह स्कूल ही नहीं आया था। इसके बाद परिजनों को चिंता होने लगी, छात्र के दोस्तों और रिश्तेदारों में भी संपर्क करने पर किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को किशोर के पिता अमर सिंह ने सदर थाना पुलिस में शिकायत देते हुए अपहरण की आशंका जाहिर की है। इसके बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है।
घूमने के लिए निकला किशोर नहीं लौटा
बिहार निवासी मोहम्मद मुतीम ने सेक्टर पांच थाना पुलिस को शिकायत दी कि वह सेक्टर-१५ में सिलाई की दुकान में काम करता है। दो माह पहले वह अपने परिवार को गुडग़ांव लेकर आया था। वह अपने परिवार के साथ अशोक विहार फेज दो में रहता है। २२ जनवरी को उसका नौ वर्षीय बेटा इंजमाम-उल-हक उर्फ भोलू घर से सेक्टर पांच चौक तक घूमने गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। खोजबीन के बाद भी बेटे का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने बच्चे के अपहरण की आशंका जताई है। शिकायत के बाद सेक्टर पांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।