गुड़गांव। शहर की बदहाल हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर नगर निगम की कार्रवाई कई लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। कारण यह है कि नगर निगम ने बिना जेब्रा क्रासिंग के ही रेड लाइट सिस्टम की शुरूआत कर दी। इस कारण यातायात सुचारू होने की बजाय बदहाल हो गया। नगर निगम ने यह गलती शहर के दो प्रमुख चौराहों पर दोहराई है। इससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना पड़ रहा है।
नगर निगम द्वारा अग्रसेन चौराहे व रोडवेज बस स्टैंड से सेक्टर-12 की तरफ जाने वाले चौराहे पर एक सप्ताह पहले रेड लाइट लगा दी गई। जाम व सड़क हादसों के कारण नगर निगम ने यह पहल की। लेकिन हुआ इसके उल्टा। दरअसल, इन दोनों चौराहों पर रेड लाइट सिस्टम शुरू तो कर दिया गया लेकिन जेब्रा क्रासिंग नहीं बनाई गई। इस कारण रेड लाइट होने पर वाहन तय सीमा से आगे खड़े हो जाते हैं। इससे दूसरे साइड से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है। इस कारण कभी-कभी दो वाहनों में टक्कर भी हो जाती है, जिससे राहगीरों में विवाद भी हो जाता है।अग्रसेन चौराहे पर भी नगर निगम निगम द्वारा रेड लाइट लगाए जाने से यातायात व्यवस्था पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है। यहां भी जेब्रा क्रासिंग नहीं होने से चालक अपनी मर्जी से वाहनों को मनमाफिक जगह खड़ी कर देते हैं, जिससे राहगीरों को पहले की तरह जाम से दो चार होना पड़ रहा है। सदर बाजार व अग्रवाल धर्मशाला की तरफ से आने वाले राहगीरों को रेड लाइट से कोई राहत नहीं मिली है।
फोटो- अग्रसेन चौक पर ऑटो की अलग लेन होने के बावजूद बीच सड़क पर खड़े ऑटो।