(मुंह को छुपाए एटीएम मशीन को तोड़ते लुटेरे।)
हिसार/ बरवाला। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शहर के बीचोंबीच स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के परिसर के बाहर एक ही केबिन में लगे दोनों एटीएम को बुधवार रात तीन नकाबपोश युवकों ने निशाना बनाया। तीन लुटेरे बुधवार रात डेढ़ बजे से लेकर ढाई बजे तक बिना किसी खौफ के दोनों एटीएम तोड़ते रहे । हालांकि, वो यहां से कितना रुपया चुरा ले जाने में कामयाब हुए हैं, इस बारे में अभी पूरी जानकारी बैंक प्रबंधन नहीं दे पाया है। सीसीटीवी फुटेज में तीनों नकाबपोश नोटों की गड्डियां जरूर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
बैंक के अनुसार दोनों एटीएम की क्षमता 40-40 लाख रुपयों की है। सूचना मिलने के बाद फिलहाल पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज थाना प्रभारी अनिल कुमार के सुपुर्द कर शिकायत दी है। शाम को फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने तथ्य जुटाने का प्रयास किया। बैंक अधिकारी श्याम सुंदर ठकराल ने बताया कि एटीएम का एसी खराब होने के चलते पिछली रात गार्ड सुरेश एटीएम कक्ष में गर्मी के चलते नहीं सोया था। गुरुवार सुबह उन्हें गार्ड सुरेश कुमार ने एटीएम में वारदात होने के संबंध में सूचना दी। इसके बाद वे मौके पर आए तो देखा एटीएम का शटर उखड़ा हुआ था व शटर के लॉक टूटे हुए थे तथा दोनों मशीनों के साथ भी तोड़फोड़ की हुई थी।
मशीनों के कई हिस्सों को लोहे की रॉड से अलग किया गया। अधिकारी का कहना है कि कैश कितना चोरी हुआ है, इसका पता मशीन व हेड ऑफिस बेलापुर के रिकॉर्ड की जांच करने के बाद ही पता चल पाएगा। एटीएम कक्ष में दो मशीन हैं, जिनमें एक हाल ही में कुछ समय पहले ही लगाई गई थी। उसी नई मशीन में बुधवार शाम को टारगेट के अनुरूप 15 लाख रुपए पूरे किए गए थे। दूसरे एटीएम में कैश डिमांड से संबंधित मैसेज नहीं मिला था तथा अधिकारी के अनुसार उसका इस्तेमाल भी कम था। ऐसे में उसमें बुधवार से पहले ही कैश लोड था। थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगे की स्लाइड में देखिए एटीएम तोड़कर नोटों की गड्डियां लेकर जाते लुटेरों की तस्वीरें....