रोडवेज बस सुविधा के लिए ट्रैफिक रोका
कईगांवों के दर्जनों स्टूडेंट्स ने सोमवार सुबह बस सेवा की मांग को लेकर बालक चौपटा चौक पर जाम लगा दिया। इसके कारण अग्रोहा सरसौद-भूना मार्ग पर वाहनों की आवाजाही डेढ़ घंटे तक बाधित रही। गांव दहमण, बैजलपुर, नहला, पाबड़ा, कनौह, कंडूल, खैरी, फरीदपुर, पाबड़ा गांव के गुस्साए स्टूडेंट्स पाबड़ा बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और समस्या के समाधान के लिए बालक चौपटा चौक पर जाम लगा दिया। इस दौरान छात्रों ने रोडवेज विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सूचना मिलने पर बालक चौक पर बनी पुलिस चौकी के इंचार्ज अमर सिंह ने स्टूडेंट्स को समझाने का प्रयास किया कि जाम से किसी समस्या का समाधान नहीं होता है। जाम के कारण केवल आम जनता को समस्या का सामना करना पड़़ता है परंतु छात्रों ने उनकी एक ना मानीं। इसके बाद चौकी इंचार्ज ने जाम की सूचना बरवाला थाना और अग्रोहा थाना में दे दी। सूचना मिलने के बाद दोनों पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रों ने बताया कि हिसार-भूना रूट पर रोडवेज महाप्रबंधक 13 बसें चलने की बात कह रहे हैं। परंतु सच्चाई कुछ और ही है इस रूट पर केवल तीन बसें ही रही हैं। बसों का समय भी ऐसा है कि सभी छात्र समय से कॉलेज नहीं पहुंच सकते। छात्रों ने बताया कि पहली बस गांव में 5.40 बजे, दूसरी बस 8 बजे और तीसरी बस साढ़े 9 बजे आती है। छात्रों ने बताया कि वे केवल दूसरी बस में ही सवार होकर समय से कॉलेज पहुंच सकते हैं।
परंतु इस रूट पर लगभग दस गांव के छात्र पढ़ने के लिए हिसार जाते हैं। कम बसें होने के कारण बसों में छात्रों की संख्या ज्यादा हो जाती है। इस कारण वे बस में सवार ही नहीं हो पाते। यदि वे बस में चढ़ने का प्रयास करते हैं तो उन्हें बाहर ही लटकना पड़ता है। इसके कारण कई बार तो उन्हें चोटें भी लग जाती है। बसों की संख्या कम होने के कारण उन्हें स्कूल कॉलेज पहुंचने में देरी होती और समय पर कॉलेज ना पहुंचने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने बताया कि वे इस समस्या के लिए कई बार हिसार रोडवेज के जीएम से मिल चुके हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने हिसार जीएम से बात करके मंगलवार तक बसों की समस्याओं का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ही छात्र जाम खोलने पर राजी हुए।
बालक चौपटा चौक पर जाम लगाने वाले छात्रों को समझाती पुलिस।