- Hindi News
- हथियार सहित लूट की फिराक में खड़े 4 वांछित गिरफ्तार किए
हथियार सहित लूट की फिराक में खड़े 4 वांछित गिरफ्तार किए
हिसार | राहगीरोंको लूटने की फिराक में खड़े चोरी, डकैती, लूट सहित अन्य मामलों में वांछित 4 आरोपितों को पुलिस ने सेक्टर 1-4 से हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में जींद के खेड़ा निवासी हरिओम, नरवाला के अमित, भूना के जसविंदर और शिवनगर के पवन उर्फ पोगी को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों से 2 बाइक, एक 32 बोर का पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और 4 डंडे बरामद किए हैं। गिरफ्तार चारों आरोपित पहले करीब दो दर्जन से ज्यादा मामलों में वांछित हैं। रविवार रात को पुलिस सेक्टर 1, 4 में गश्त कर रही थी। पुलिस वाहन जैसे ही क्षेत्र में पहुंचा तो बाइक के पास चार युवक खड़े दिखे। पुलिस को देखकर भागने लगे तो पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी ली गई तो उनके पास से हथियार सहित अन्य सामान मिला। पुलिस ने बताया कि चारों ने करीब 15 दिन पहले सब्जी मंडी क्षेत्र में एक लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसी तरह कुछ समय पहले सेक्टर 15 से सिलेंडर चोरी किए थे। ये आरोपी बाइक चोरी के कई मामलों में भी वांछित है। पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी।