एएसआई पर धारदार हथियार से हमला
आंबेडकरबस्ती में शनिवार को रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे एएसआई पर गली में ही कुछ बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। क्षेत्रवासियों की मदद से एएसआई को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस प्रवक्ता चन्द्रभान ने बताया कि एएसआई जिले सिंह पर बदमाशों ने शुक्रवार रात विकासनगर स्थित आंबेडकर बस्ती में धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जिले सिंह यहां अपने रिश्तेदार से मिलने गया था। पुलिस को दी शिकायत में जिले सिंह ने बताया कि जब वे अपने रिश्तेदार के घर से निकलकर गली के मोड़ पर आए तो 5, 6 युवकों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने हथियारों ने जिले सिंह के सिर पर करीब पांच छह वार किए। इसके बाद जिले सिंह को गली में बनी नाली में फेंक दिया। जब शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो बदमाश मौके से भाग गए। क्षेत्रवासियों ने एंबुलेंस बुलाकर जिले सिंह को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घायल एएसआई ने बताया कि बदमाश उसकी जेब से करीब एक हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं।