- Hindi News
- दुकान विवाद में इनेलो नेता पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
दुकान विवाद में इनेलो नेता पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
सदरथाना पुलिस ने कैमरी रोड की एक दुकान के विवाद को लेकर नलवा हलके के इनेलो के अध्यक्ष सिंघरान के होशियार सिंह, उनके भाई बलवंत, अजीत, सुरेंद्र, सातरोड के ईश्वरसिंह पूनिया, विकास, मुकलान के अनूप सहित 3-4 अन्य पर धोखाधड़ी और कब्जा करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस ने पीएलए के महेंद्र सिंह दुहन की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में महेंद्र ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कैमरी रोड स्थित उनकी दुकान पर कोई कब्जा कर रहा है। इस पर वह अपने बेटे अभिषेक के साथ कैमरी रोड स्थित दुकान संभालने गया था। आरोप है कि यहां बलवंत उसका बेटा अजीत, बलवंत का भाई होशियार सिंह उनका बेटा सुरेंद्र और 4, 5 अन्य लाठी डंडों के साथ दुकान पर खड़े थे। ये सभी निर्माण कर दुकान पर कब्जा कर रहे थे। जब महेंद्र ने उनको कब्जा करने से रोका तो उन्होंने खुद को एक गैंग से संबंधित बताकर जान से मारने की धमकी दी। इस पर महेंद्र ने मामले की सूचना पुलिस को दी। महेंद्र ने शिकायत में सोसाइटी के संचालक ईश्वरसिंह पूनिया उसके बेटे विकास और मुकलान के अनूप को भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन्होंने साज बाज होकर दुकान किसी अन्य के नाम कर दी।
दुकान मोहित के नाम:सिंह
वहीं,मामले में इनेलो नेता होशियार सिंह का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। वह दुकान जवाहर नगर निवासी मोहित के नाम पर है। मोहित और हमारा साझा है। उन्होंने कहा कि हम कहीं पर कब्जा करने नहीं गए थे। इनेलो नेता का आरोप है कि मुकलान के अनूप नाम के व्यक्ति ने दुकान के फर्जी कागजात कई लोगों को सौंप रखे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जब वे इसकी शिकायत लेकर पुलिस के पास गए थे तो उनकी शिकायत पर किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया। जबकि महेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दी।