- Hindi News
- सीबीएसई लेगा इस बार ऑल इंडिया प्री वेटरनरी टेस्ट
सीबीएसई लेगा इस बार ऑल इंडिया प्री-वेटरनरी टेस्ट
वेटरनरीकाउंसिल ऑफ इंडिया देश में होने वाले ऑल इंडिया प्री वेटरनरी टेस्ट में इस सत्र से बड़ा बदलाव करने जा रही है। टेस्ट में आने वाले प्रश्न पत्र का खाका वीसीआई खुद तैयार नहीं करेगा, बल्कि इसकी जिम्मेदारी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को दी गई है। देश में 13 वेटरनरी यूनिवर्सिटी और 56 काॅलेज हैं। वेटरनरी की कुल सीटों में से देशभर में 300 सीटें वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया खुद भरता है, मगर बाकी सीटें कॉलेज अपने स्तर से पूरी करता है।
300 सीटें भरने के लिए वीसीआई की तरफ से प्रतिवर्ष सत्र के शुरुआत में ऑल इंडिया प्री वेटरनरी टेस्ट कराया जाता है। इस बार वीसीआई ने टेस्ट की जिम्मेदारी सीबीएसई को दी है। सीबीएसई अपने स्तर से पेपर तैयार करेगा, जबकि बाकी जिम्मेदारी पूर्व की भांति वीसीआई की रहेगी। हालांकि आगामी सत्र से वीसीआई का इस टेस्ट में कोई हस्तक्षेप नहीं रहेगा। टेस्ट पूरा कराकर सीबीएसई ही वीसीआई को उसका परिणाम देगा।
वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा के मुताबिक, हर साल प्री वेटरनरी टेस्ट मई में कराया जाता था, लेकिन इस बार यह टेस्ट जून के तीसरे सप्ताह में कराया जाएगा।
वीसीआई के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी से इस बार का टेस्ट सीबीएसई से कराने का अनुरोध किया था। वीसीआई अध्यक्ष ने हवाला दिया था कि कई वर्ष पहले टेस्ट के दौरान कुछ आरोप लगे थे, जिसके चलते वीसीआई अध्यक्ष ने सीबीएसई से पारदर्शिता के साथ टेस्ट कराने का अनुरोध किया था। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री ने इसे स्वीकार कर लिया।