हिसार/ सुलखनी. गांव सुलखनी में बुधवार शाम कुछ बाइक सवारों ने सरपंच प्रतिनिधि पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया। इस पर आरोपियों की गिरफ्तार की मांग को लेकर ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक हिसार चंडीगढ़ हाईवे पर ट्रैफिक जाम कर दिया। काफी हो हल्ला के बाद पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को शांत करवाया। वहीं देर रात पुलिस ने छह नामजद सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सुलखनी गांव में शाम करीब छह बजे धान्सू गांव के कुछ युवक चार बाइक पर सवार होकर सरपंच सोना देवी के घर के सामने से हुटिंग करते हुए गुजर रहे थे। इस पर सरपंच के पति रामस्वरूप नलवा ने उन्हें रोककर हो हल्ला करने का कारण पूछा। इस पर बाइक सवारों ने लाठी डंडों से सरपंच के पति पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा किया तो एक बाइक छोड़कर भाग गए। इसी दौरान एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। लेकिन काफी देर तक पुलिस के गांव में नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिसार चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया।
बाद में डीएसपी राजबीर सैनी ने बरवाला थाना प्रभारी से मामले की सूचना ली और मौके पर जाने के निर्देश दिए। इसके बाद सदर थाना प्रभारी और बरवाला थाना इंचार्ज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को हमला करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वे फिर से रोड जाम करेंगे। वहीं बहबलपुर से किसी कार्यक्रम से लाैट रही हजकां की वरिष्ठ नेता रेणुका बिश्नोई भी जाम में फंस गई। इस मौके पर सुरेश कुमार, पवन तायल, फकीरचंद, गीताराम, संजय, बिंटू, राजेश और विकास कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
(हिसार चंडीगढ़ हाईवे पर जाम लगाते सुलखनी गांव के निवासी।)