पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कैप्टन बोले कैसे सीएम बनेंगे चौटाला

कैप्टन बोले- कैसे सीएम बनेंगे चौटाला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भाजपाके वरिष्ठ नेता एवं नारनौंद से प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु ने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के दावे पर तीखी प्रतिक्रिया की है। कैप्टन ने कहा, कानून के लिहाज से कोई भी सजायाफ्ता व्यक्ति शपथ ग्रहण नहीं कर सकता, फिर मुख्यमंत्री कैसे बन सकता है। सजा होने पर तो मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ता है। वैसे भी वो दिन अब लद चुके हैं, जब गांव में नोट छापने की मशीन लगाने की बात कहकर वोट हासिल किए जाते थे। अब जनता सब जानती है। झूठ और बहकावे में आने वाली नहीं है। कैप्टन शुक्रवार को लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वैसे आधिकारिक तौर पर वह शनिवार को नारनौंद में जनसभा करने के बाद नामांकन भरेंगे। भाजपा नेता ने इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला के दावे पर भी टिप्पणी की। कहा, अभय अपने शब्दों को वापस लेते या फिर राजनीति से संन्यास लेने के अपने बयान पर कायम रहने के लिए तैयार रहे। अभय ने नारनौंद की जनता का अपमान किया है और उन्हें जवाब देने के लिए वोटर तैयार हैं।

हजकां गठबंधन टूटने पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि इससे भाजपा और मजबूत हुई है। इस विधानसभा चुनाव में दो तिहाई सीटें जीतकर जवाब देंगे। नारनौंद सर्वाधिक पिछड़ा हुआ है, लेकिन अब अच्छे दिनों की शुरुआत होने वाली है। हमारा पूरा जोर विकास पर है। मोदी सरकार के 100 दिन के कार्यकाल से एक नया आत्मविश्वास जगा है। भ्रष्टाचार में कमी आई है। हम लंगड़ी नहीं, मजबूत सरकार देंगे।

उन्होंने चावल के निर्यात पर प्रतिबंध को दुष्प्रचार बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खुद किसानों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। जीरी सस्ते दामों में बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से चावल के निर्यात पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के बजाए टैक्स कम कर किसानों को राहत दें तो अच्छा है।