- Hindi News
- सड़कों से नहीं हटे पशु, गाय से टकराकर स्कूटर सवार घायल
सड़कों से नहीं हटे पशु, गाय से टकराकर स्कूटर सवार घायल
सूर्यनगरनिवासी प्रदीप शुक्रवार शाम स्कूटर से औद्योगिक क्षेत्र की ओर से विद्युतनगर की तरफ रहे थे। इसी बीच विद्युतनगर के गेट नंबर 2 के सामने दिल्ली रोड पर एक काली गाय रोड के बीच में बैठी थी। अंधेरा होने के कारण प्रदीप काे गाय दिखाई नहीं दी। इस पर स्कूटर गाय से जा भिड़ा। नीचे गिरने से प्रदीप की बाई टांग टूट गई। सूचना मिलते ही मदद संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव भोजराज और आरटीआई एक्टीविस्ट नरेश सैनी मौके पर पहुंचे। इन्होंने एंबुलेंस को फोन किया। बाद में आसपास के लोगों की मदद से नरेश सैनी और संजीव भोजराज ने प्रदीप को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। अब प्रदीप की हालत में सुधार है ।शहर में करीब पांच हजार से अधिक लावारिस पशु घूम रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पूर्व 29 लाख रुपये की लागत से धान्सू रोड पर अस्थायी बाड़ा बनाने का फैसला प्रशासन ने लिया। करीब आठ एकड़ के अस्थायी बाड़े में फिलहाल करीब 300 सांड पहुंच चुके हैं। इस लिहाज से शहर में अभी भी करीब 4700 लावारिस पशु घूम रहे हैं।
हवा हवाई साबित हुई निगम की तैयारी
पिछलेमाह नगर निगम में सदन की बैठक हुई थी। उस दौरान लावारिस पशुओं के स्थायी बाड़े के लिए जमीन तलाशने से लेकर स्थायी इंतजामों पर भी चर्चा हुई थी। इसमें लावारिस पशुओं काे गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए गोशाला संचालकों से वार्ता करने का फैसला भी हुआ। बैठक को करीब एक माह होने को आया, अभी तक पशुओं के टैग लगने समेत सारे दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं। इनके अलावा दर्जनों योजनाएं निगम बना चुका है, लेकिन कोई परवान नहीं चढ़ सकीं।
जानलेवा पशु
जून के पहले हफ्ते में ही दिल्ली रोड पर लावारिस पशु के कारण हुए सड़क हादसे में शिव चौक बाइक सवार महेंद्र की जान चली गई थी। गैबीपुर के पास भी सिंचाई विभाग के रिटायर्ड अफसर की मौत पशु आने के कारण हो गई थी।