रामपाल से मिलने आई बहन राजकला गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | हिसार/बरवाला
जेलमें बंद सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल से शनिवार को जेल नंबर-2 में मिलने आई उसकी बहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रामपाल की बहन से मामले के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस ने बताया कि जींद के किरसोला गांव में राजकला की ससुराल है। राजकला फिलहाल रोहतक में रहती है। राजकला सुबह अपनी बेटी के साथ रामपाल से मिलने जेल आई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने रामपाल की बहन राजकला और उसकी बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद रामपाल की भानजी को छोड़ दिया लेकिन, उसकी बहन राजकला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का मानना है कि रामपाल के बारे में उसकी बहन से पूछताछ की जाएगी। वह कुछ अहम सवालों के जवाब दे सकती है। इससे पहले पुलिस ने राजकला के बेटे सुनील को गिरफ्तार किया था। सुनील ही एकमात्र पुरुष अनुयायी था जो कि रामपाल के निजी कक्ष तक अपनी पहुंच रखता था। रामपाल ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि सुनील उसके आश्रम में रहकर अनुयायियों के खाने पीने की व्यवस्था संभालता था।
अबतक 927 लोग पकड़े
बरवाला| सतलोकआश्रम मामले में पुलिस ने अब तक 927 लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस की स्पेशल टीम ने निरीक्षक प्रदीप कुमार की अगुवाई में दो महिलाओं सहित 3 को काबू किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में जींद की डिफेंस कॉलोनी निवासी रामफल, एंपलाईज कॉलोनी जींद निवासी सावित्री जिला भिवानी के नाथुवास की रहने वाली पूनम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।