- Hindi News
- ऑनलाइन होगा पशु चिकित्सकों का रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन होगा पशु चिकित्सकों का रजिस्ट्रेशन
भारतीयपशु चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डाॅ. उमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि पूरे देश के पशु चिकित्सकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा, जिसमें चिकित्सक की डिग्री से लेकर उसकी पूरी प्रोफाइल अपडेट होगी। इसके साथ वेटनरी कॉलेजों में भी 40-40 सीटें बढ़ाई जाएंगी, लेकिन उसके लिए काॅलेज को प्रस्ताव बनाकर भेजना होगा।
शनिवार को डाॅ. उमेश चंद्र शर्मा शहर के फैमिली इन रेस्टोरेंट में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राइवेट सेक्टरों में भी वेटनरी के अच्छे कॉलेजों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कॉलेजों को मान्यता देने से पहले उनसे पांच करोड़ की बैंक गारंटी ली जा रही है, जिससे बच्चों के भविष्य से कोई खिलवाड़ हो सके। इसके साथ-साथ देश भर के वेटनरी कॉलेजों में 40-40 सीटें बढ़ाई गई हैं। अब तक कॉलेजों में 60-60 सीटें थी। सीटें बढ़वाने के लिए कॉलेजों को अपने स्तर से प्रस्ताव बनाकर भेजना होगा। उन्होंने कहा कि बिना डिग्री वाले चिकित्सकों पर लगाम कसने के लिए पहल की गई है। इसके लिए पूरे देश के वेटनरी चिकित्सकों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन में चिकित्सक का पूरा ब्योरा अपडेट रहेगा, जिससे कोई भी चिकित्सक की डिग्री के बारे में जान सकता है। इसके अलावा कॉलेजों को भी अपनी वेबसाइट पर ब्योरा डालना होगा। काॅलेज में स्टाफ, उपकरण और अन्य जानकारी डालनी होगी।