बाइक सवारों ने ज्वेलर को लूटा
तीनबाइक सवार बदमाशों ने शहर थाना रोड पर शादी समारोह से लौट रहे ज्वेलर पर हमला कर उनसे नकदी सहित अन्य सामान लूट लिया। वहीं, वारदात का पूरा वाकया सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरे की पहचान कर रही है। इस संबंध में शहर थाना में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि बाइक सवारों ने पठाना मोहल्ला निवासी व्यापारी सीताराम सोनी के सिर पर रॉड से हमला कर उनसे लूटपाट की। सीताराम सोनी की खजानचियान बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। पुलिस को दी शिकायत में सीताराम ने बताया कि लुटेरे उनसे 12 हजार की नकदी, मोबाइल पर्स छीन ले गए। शनिवार को अग्रसेन भवन में उनके दोस्त की शादी थी। शादी समारोह से तड़के करीब 1 बजे सीताराम पैदल ही शहर थाना रोड से घर की ओर जा रहे थे। इसी बीच कटला रामलीला रोड की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और राेक लिया। इनमें से अचानक एक युवक ने उनके मुंह पर हाथ रख दिया और दूसरे ने सीताराम के सिर पर वार किया। इससे सीताराम बेसुध हो गए। उनके होश में आने के बाद आरोपी भाग निकले। इसके बाद सीताराम ने वारदात की जानकारी परिजनों को दी और पुलिस में रपट दर्ज करवाई।
लूट का शिकार सीताराम सोनी।
फुटेज में दिखे तीन युवक।
लुटेरे वारदात के बाद सीताराम के पर्स रखे अहम दस्तावेज को भूटानी कॉलोनी के पास फेंक गए। दस्तावेज सोहन सिनेमा के सामने वाली रोड पर मिले। इस संबंध में सोनी के पास किसी परिचित का फोन आया था। उन्होंने इस संबंध में भी पुलिस को जानकारी दी है।
पुलिस ने बताया कि सिटी थाना रोड से कटला रामलीला को जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज खंगाली तो पता चला कि लुटेरे 1. 19 बजे एक मोटरसाइकिल से उतरे। बाइक चालक गली में खड़ा रहा और अन्य दो लुटेरे वारदात कर 1 बजकर 20 मिनट और 59 सैकेंड पर बाइक पर सवार होकर भाग गए। शनिवार शाम 6.34 बजे आरोपियों ने क्षेत्र की रैकी की थी।