राज्य खेलों के लिए किया अभ्यास
हुडाकी तीन दिवसीय राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता गुड़गांव में 20 से 22 फरवरी के बीच होगी। इसके लिए 16 प्रतियोगिताओं के लिए हिसार सर्कल के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल लिया गया। इस दौरान हुडा के दफ्तर में बैठकर फाइलों में दिमाग खपाने वाले अफसर और कर्मचारी मंगलवार को खेल मैदान में जूझते दिखे। पसीने से तर-बतर और चेहरे पर उत्साह लिए हुए सभी का एक ही उद्देश्य था कि टीम में चयन हो।
अर्बन एस्टेट स्थित हुडा के खेल मैदान और न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल में सुबह 11 बजे से ट्रायल शुरू हुए। हिसार के अलावा सिरसा, जींद, भिवानी और फतेहाबाद के करीब 170 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। सर्कल के मैनेजर रण सिंह ने बताया कि ट्रायल में पहुंचे प्रतिभागियों में से कुल 135 खिलाड़ियों का चयन होगा। ये खिलाड़ी गुड़गांव स्थित सेक्टर-32 के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए 19 फरवरी को रवाना होंगे। यहां बता दें कि हिसार की टीम पिछले वर्ष ओवरऑल चैंपियन रही थी। वहीं, ट्रायल के दौरान एस्टेट ऑफिसर मनीष लोहान, एक्सईएन वीके अरोड़ा, एसडीओ अमित कुमार, एएसडीई राजेंद्र सिंह, खेल विभाग के सतबीर सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के कोच कर्ण सिंह, विद्युत निगम के कोच प्रदीप लोहान और एचएयू के कोच जगदीश सिंह मौजूद रहे।
जिन खिलाड़ियों का चयन गुड़गांव जाने के लिए होगा, वह करीब 16 खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। हुडा के खेल विभाग के प्रधान सतबीर सिंह बताते हैं कि कबड्डी, वालीबॉल, शूटिंग, बास्केटबाल, रस्साकसी (महिला पुरुष), बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, योग, फुटबाल, क्रिकेट, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद के अलावा मटका रेस, लेमन टी आदि खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस दौरान 11 से 18 फरवरी तक चयनित होने वाले खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यशोदा पब्लिक स्कूल में बॉलीवाल टीम में चयन के लिए ट्रायल देते हुए
गुड़गांव के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 20 फरवरी से होंगे तीन दिवसीय राज्यस्तरीय खेल