- Hindi News
- गाय ने वकील और उसकी मां को उठाकर फेंका, हाथ टूटा
गाय ने वकील और उसकी मां को उठाकर फेंका, हाथ टूटा
शहरमें लावारिस पशुओं का आतंक खत्म नहीं हो रहा। अर्बन एस्टेट निवासी एक अधिवक्ता और उनकी मां को एक लावारिस गाय ने उठाकर फेंक दिया। गाय के हमले से अधिवक्ता का हाथ टूट गया है। जबकि उनकी मां के हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लाेगों में दहशत है। इसलिए स्थानीय लोग क्षेत्र से लावारिस पशुओं को पकड़ने की मांग की है।
अर्बन एस्टेट स्थित हाउस नंबर 961 अधिवक्ता विजय सिंह यादव दोपहर के वक्त अपने घर भोजन करने आए। जैसे ही वह अपनी बाइक से नीचे उतरे इसी दौरान गली में खड़ी गाय तेजी से उनकी तरफ बढ़ी। जब तक विजय गाय के हमले से बच पाते, उसी वक्त गाय ने उन्हें बाइक से नीचे फेंक दिया। हमले के बाद वह सड़क पर गिर गए। इससे उनके दाएं हाथ की कलाई टूट गई। जबकि हाथ-पैर के अलावा अंदरूनी चोटें भी आई हैं। इसी बीच बेटे को आया हुआ देख गेट खोलने आईं अधिवक्ता की मां हिम्मत कौर सड़क पर गिरे अपने बेटे को उठाने आईं तो उन्हें भी गाय ने उठाकर फेंक दिया। अधिवक्ता के हाथ का ऑपरेशन मंगलवार को एक निजी अस्पताल में हुआ। परिजनों ने बताया कि लावारिस पशुओं को पकड़वाने के लिए तमाम बार हुडा और नगर निगम अफसरों से संपर्क कर चुके हैं, मगर अभी तक राहत नहीं मिल सकी है।
घायल अधिवक्ता विजय सिंह यादव
यहां लावारिस पशुओं का जमघट लगा रहता है
जिसस्थान पर अधिवक्ता और उनकी मां हिम्मत कौर पर गाय ने हमला बोला, उस वहां एक प्लॉट खाली पड़ा है। यहां लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है। स्थानीय निवासी संदीप भाटिया बताते हैं कि उनकी मां पर भी लावारिस पशुओं ने सोमवार को हमला बोल दिया था। घटना में वह बाल-बाल बची थीं। उन्होंने तमाम घटनाओं का जिक्र करते हुए लावारिस पशुओं को तत्काल पकड़वाने की मांग की।
^घटना की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि अर्बन एस्टेट में लावारिस पशु अधिक हैं तो हम इन्हें यहां से पकड़वाने की बुधवार को व्यवस्था कर देंगे। एमएसजगत, ईओ, नगर निगम