नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया...
महाशिवरात्रिके उपलक्ष्य में सेक्टर-14 स्थित बुधला संत हनुमान मंदिर में शुरू हुई संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा के पहले दिन बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
इस दौरान कथास्थल को रंगीन गुब्बारों लड़ियों से सजाया गया था। अग्रोहा धाम की साध्वी राधेश्वरी लक्ष्मी देवी ने कृष्ण जन्म का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि आकाशवाणी अनुसार जब आठवें पुत्र के रूप में कृष्ण का जन्म हुआ तो जेल के बंद ताले स्वयं खुल गए। वासुदेव ने कान्हा को टोकरे में रखकर कई मुसीबतों का सामना करते हुए नदी पार की। कंस जेल में कृष्ण के स्थान पर कन्या को देखकर दंग रह गए। उन्होंने कहा कि विकट परिस्थितियों में भगवान स्वयं मदद करने को आते हैं। कृष्ण जन्म पर नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की भजन गाया तो श्रद्धालु झूम उठे। कथा के दौरान नरसिंह अवतार की मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई। पहले दिन की कथा का समापन आरती के साथ किया गया।
श्रीमद्भागवत कथा : सेक्टर-14 के बुधला संत हनुमान मंदिर में कृष्ण जन्म की कथा सुनाई
सेक्टर- 14 में श्रीमद्भागवत कथा सुनातीं साध्वी राधेश्वरी लक्ष्मी देवी।
सेक्टर -14 के बुधला संत हनुमान मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पहले दिन कथा का श्रवण करते श्रद्धालु।