महिला और युवक ने फांसी लगाई, मौत
घरेलूकलह के कारण एक महिला और युवक ने चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाएं शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुईं। इनमें एक घटना बुधवार सुबह 10 बजे और दूसरी घटना मंगलवार देर रात की है।
मंगलवार रात को आजादनगर स्थित शिवनगर निवासी 25 वर्षीय तेजबीर का शव दूसरी मंजिल पर पंखे पर झूलता मिला। पुलिस के अनुसार तेजबीर बंगलुरू में ट्रांसपोर्ट का काम करता था। दो दिन पहले ही वह घर आया था। परिजनों का कहना है कि तेजबीर जब से बंगलुरू से आया था तनाव में था। बुधवार सुबह जब तेजबीर कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजन उसे जगाने के लिए गए। कमरे में उसका शव पंखे से लटका हुआ था। मामले में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
घर से बाहर नहीं निकलती थी सावित्री
ऐसाही वाकया बुधवार सुबह करीब 10 बजे विद्युतनगर में हुआ। नेपाल की रहने वाली 45 वर्षीय सावित्री बाई ने भी चुन्नी का फंदा लगाकर अत्महत्या कर ली। सावित्री का बड़ा बेटा बिजली निगम में कार्यरत है। वह रात में ड्यूटी खत्म कर घर पर आकर सो गया। सुबह उठकर दूसरे कमरे में गया तो उसकी मां पंखे के हुक से बंधे फंदे पर लटकी थी। इसके बाद उसने पड़ोसियों की मदद से शव को पंखे से उतारा। जिंदा रहने की आस से परिजन सावित्री को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों ने बताया कि सावित्रीबाई घर से बहुत कम बाहर निकलती थी। मृतका के पति टेकबहादुर बिजली निगम में लाइनमैन हैं। पुलिस महिला की मौत का कारण घरेलू कलह मान रही है।