- Hindi News
- सफाईकर्मियों ने टोकन हड़ताल की चेतावनी दी
सफाईकर्मियों ने टोकन हड़ताल की चेतावनी दी
सफाईकर्मचारियों ने नगर निगम के अधिकारियों काे चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लंबित मांगों को पूरा नहीं किया गया तो सभी कर्मचारी टोकन हड़ताल पर चले जाएंगे। जिस दिन हड़ताल करेंगे, उस दिन सफाई कार्य ठप रहेंगे। नगर पालिका कर्मचारी संघ के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को निगम के बाहर धरना देते हुए अफसरों पर लापरवाही के आरोप जड़े। धरने की अध्यक्षता करते हुए उप प्रधान सुनील कुमार कागड़ा ने कहा कि कर्मचारियों के हितों के बजाय अधिकारी अपने हितों को देख रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि बीते माह अधिकारियों के साथ जो समझौता हुआ था, उसमें हमारी कई मांगों को पूरा करने के लिए सहमति तय हुई थी। सचिव राजेश बागड़ी ने रोष जताते हुए कहा कि प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था खराब करवाना चाहता है, सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही मांग पूरी नहीं हुई तो एक दिन की हड़ताल पर सभी चले जाएंगे। यदि इसके बाद भी अफसरों ने गंभीरता नहीं दिखाई तो हम काम छोड़कर स्थायी तौर पर हड़ताल करेंगे। इस दौरान इन्होंने धान्सू रोड स्थित अस्थायी बाड़े में किसी भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने पर भी नाराजगी जताई। धरने को प्रधान अशोक बोहत, जिला प्रधान नरेश कागड़ा, जिला सचिव दयाराम, एसकेएस कोषाध्यक्ष हितेश कुमार, पूर्व इकाई प्रधान जिले सिंह, उपप्रधान बिशन सिंह चावरिया, सह सचिव मंगू राम, प्रेस सचिव सत्यवान भट्टी आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान राजेश, मुकेश देवी, भारती, माया देवी हरिराम माली आदि मौजूद रहे।