- Hindi News
- पीने को स्वच्छ पानी नहीं, बना रहे शहर को पेरिस
पीने को स्वच्छ पानी नहीं, बना रहे शहर को पेरिस
भाजपाप्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता का आरोप है कि हिसार की विधायक एवं मंत्री शहर को पेरिस बनाना तो दूर, स्वच्छ पेयजल भी उपलब्ध नहीं करवा पाई। आज शहर में लोग स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं। गंदे पानी की आपूर्ति के कारण शहर के लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। अब हिसार के लोगों को तय करना है कि हिसार की बागड़ोर किन हाथों में सौंपनी है।
वह बैंक कालोनी स्थित सालासर कॉम्प्लेक्स में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। फेम इंस्टीट्यूट की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. गुप्ता ने कहा कि पिछले दिनों कोल घोटाले में आरोपित औद्योगिक घराने के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया तो पुलिस ने लाठियों से वार किए। उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि क्या लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार का व्यवहार अपने राजनीतिक विरोधियों के प्रति उचित है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से हिसार की विधायक हैं। उन्हें इतने वर्षों तक जनता की परेशानियों की याद नहीं आई मगर अब चुनावी दिनों में जनता को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही देश में एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। केवल इसी पार्टी में गरीब घर का चाय बेचने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, जबकि देश की सभी दूसरी पार्टियों में प्रधानमंत्री बनने के लिए प्रधानमंत्री के घर में पैदा होना पड़ता है।
इस अवसर पर रवि सैनी, डाॅ. योगेश बिदानी, सुजीत कुमार, सुरेश गोयल धूपवाला, मनदीप मलिक, कर्ण सिंह, विनोद गोयत एडवोकेट, नरेश कौशिक, मीनू भुटानी, सरोज शर्मा, सरोज गौड़, महाबीर जांगड़ा, नरेश सिंगल, नरेंद्र मदान, डाॅ. सुभाष खुंडिया, राजकुमार सलूजा, आशा जुनेजा, रम्मी गुप्ता, डाॅ. प्रीतिमा गुप्ता, राजबाला अादि रहे।
हिसार। भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए।