- Hindi News
- विधानसभा चुनाव में गायों का मुद्दा अहम होगा : आर्य
विधानसभा चुनाव में गायों का मुद्दा अहम होगा : आर्य
हिसार | सभीराजनैतिक दल प्रदेश में जाति, धर्म संप्रदाय आदि के आधार पर जोड़ तोड़ करके सत्ता प्राप्त करने की योजना बना रहे हैं। लेकिन पूरे प्रदेश ही नहीं, अपितु देशभर में सर्वमान्य तथा माता कहलाने वाली गाय की तरफ किसी का भी ध्यान नहीं है। जो आने वाले विधानसभा चुनाव में अहम मुद्दा बनेगा। यह बात हरियाणा राज्य गोशाला संघ के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष शमशेर आर्य ने कही। वे बुधवार को संघ के मुख्यालय पर आयोजित गो भक्तों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थेे। उन्होंने कहा कि इस वक्त प्रदेश में 450 से भी अधिक गो शालाएं हैं तथा 1200 अन्य गो सेवी संस्थाएं हैं। जिनके संचालन में लगभग 30 हजार सक्रिय सदस्य तथा लगभग पांच लाख अन्य सहयोगी लगे हुए हैं। इसके अलावा प्रदेश की 90 से 95 प्रतिशत जनता गाय को माता का दर्जा देते हुए पूजनीय मानती है, मगर इस सबके बावजूद कोई भी राजनीतिक दल गोरक्षा और गो संवर्धन के मामलों को गंभीरता से नहीं ले रहा। दूसरी तरफ गोवंश की दुर्दशा अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। गो तस्करी पर अंकुश लगाने की बजाए उलटा गोभक्तों को प्रताड़ित किया जाता है। इस मौके पर पंचगव्य प्रभारी सतपाल मधु, प्रबंधक सत्यप्रकाश शास्त्री, गो पुत्र सेना के जिला प्रधान अशोक राठी, पीएस चौहान, वीरभान, कर्नल अभय सुनील मालवाल मौजूद थे।
गाे भक्तों को संबोधित करते शमेशर आर्य अन्य