- Hindi News
- पुराने खाताधारक भी आधार नंबर देकर लेंगे जन धन योजना का लाभ
पुराने खाताधारक भी आधार नंबर देकर लेंगे जन धन योजना का लाभ
अबआधार नंबर देकर पुराने बैंक खाता धारक भी जन धन योजना का लाभ ले सकेंगे। केंद्र सरकार ने इस संबंध में सभी बैंकों को आदेश भी जारी कर दिए हैं। इतना ही नहीं नए बैंक खाताधारकों को मिलने वाली सुविधाएं भी पुराने खाताधारकों को मिलेगी। इसके लिए खाताधारकों के पास आधार कार्ड होना जरूरी है। जिला स्तर पर आदेश आने पर सभी बैंकों में योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खास बात यह है कि व्यक्ति अपने पैसे को बैंक में जमा करवाने के साथ-साथ इस जमा खाते के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर ऋण भी प्राप्त कर सकते हैं। पुराने खाताधारकों को संबंधित बैंक शाखा में जाकर एक आवेदन पत्र देना होगा। आधार नंबर से खाते को लिंक कराना होगा। आधार नंबर देते ही खाताधारक को नया डेबिट कार्ड जारी किया जाएगा। इसके बाद खाताधारक को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। नया डेबिट कार्ड जारी होते ही खाता धारक को बैंक खाते के साथ-साथ एक लाख का आकस्मिक दुर्घटना बीमा हो जाएगा। छह माह खाते के संतोषजनक परिचालन पर खाताधारक को पांच हजार रुपए की ऑवर ड्राफ्ट सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। एलडीएम हिसार डीआर शर्मा ने बताया कि पुराने बैंक खाताधारकों को भी जन धन योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। इसके लिए खाताधारकों को आधार नंबर जरूर देना होगा। संबंधित बैंक शाखा में जाकर आवेदन पत्र देने के साथ ही नया डेबिट कार्ड हाथों हाथ जारी कर दिया जाएगा। योजना के तहत एक लाख का बीमा एवं ओवर ड्रॉफ्ट की सुविधा भी मिलेगी।