अनुशासित होना बहुत आवश्यक : डॉ. खोखर
हरियाणाकृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. केएस खोखर ने युवाओं से स्वयं अनुशासित बनकर दूसरों को अनुशासित बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा अनुशासन की केवल व्यक्ति अपितु देश के विकास में अहम भूमिका है, इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक का अनुशासित होना बहुत आवश्यक है। डाॅ. खोखर शुक्रवार को विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने युवाओं में देश के प्रति समर्पण, अनुशासन, भाईचारा, समाज सेवा की भावना जागृत करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के योगदान की प्रशंसा की।
छात्र कल्याण निदेशक डाॅ. डीपी नांदल ने कैंप के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा प्रदर्शित किए गए अनुशासन तथा टीम भावना की प्रशंसा की। समारोह को कृषि कालेज के डीन डाॅ. आरके पान्नू ने भी संबोधित किया। एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग काॅलेज के डीन डाॅ. एके गोयल, होम साइंस कालेज की डीन डाॅ. प्रवीण पूनिया तथा शिविर के संयोजक सचिव डाॅ. भगत सिंह भी मंच पर उपस्थित थे। इस अवसर पर कुलपति ने शिविर के दौरान आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। गवर्नमेंट कॉलेज फरीदाबाद के रोहित को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक जबकि सेफ्रोन ग्रुप को सर्वश्रेष्ठ ग्रुप का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस शिविर में हरियाणा के नौ विश्वविद्यालयों से करीब 200 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया था।