- Hindi News
- चकाचक हुआ सिविल अस्पताल शौचालय वाटर कूलर भी दुरुस्त
चकाचक हुआ सिविल अस्पताल शौचालय-वाटर कूलर भी दुरुस्त
स्वास्थ्यमंत्री अनिल विज के निरीक्षण और चिकित्सकों को फटकार के बाद सिविल अस्पताल में फिज़ां बदली-बदली नजर आई। अस्पताल प्रशासन ने पेयजल के नल पर जहां गिलास और ट्रे लगवा दिए, वहीं उस शौचालय को पूरी तरह से साफ करा दिया, जिस पर लगे ताले को मंत्री ने खुलवाया था और अंदर की हालत देखकर तैश में गए थे। यहीं नहीं, अस्पताल प्रशासन ने वाटर कूलर दुरुस्त करने के लिए भी मैकेनिक लगा दिए।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने रविवार को अस्पताल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई तरह की खामियां देखने को मिली। एक शौचालय पर ताला लगा मिला तो मंत्री ने इसे खुलवाया। शौचालय पूरी तरह से धूल-मिट्टी से अटा पड़ा था और अंदर कुछ बोतलें पड़ी मिली थी। मंत्री ने मरीजों तीमारदारों को पेयजल उपलब्ध कराने वाले स्टैंड का निरीक्षण किया तो उन्हें गंदगी देखने को मिली। जिस पर उन्होंने मौके पर ही सिविल सर्जन को टेलीफोन पर पेयजल के नमूने लेने के निर्देश दिए, जिसके बाद टीम हिसार से आई।
मंत्री की फटकार और उनके कड़े रुख को देखते हुए अस्पताल प्रशासन सवेरे सक्रिय हुआ। पेयजल के स्टैंड पर चेन के साथ बांधकर स्थाई तौर पर स्टील के गिलास की व्यवस्था कर दी। पानी मरीजों और तीमारदारों के कपड़ों जूतों पर गिरे, इसके लिए नल के नीचे ट्रे लगवाई गई। जिस शौचालय को देखकर मंत्री को गुस्सा आया था, वह आज चकाचक नजर आया। कर्मचारियों ने सवेरे ही इसे खोलकर साफ कर दिया। वाटर कूलर दुरुस्त करने के लिए मैकेनिक बुलाए गए। दोपहर तक वह इन्हें ठीक करने में जुटे रहे।
स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बाद खराब पड़े वाटर कूलर को दुरुस्त करते मैकेनिक।