इंटरस्कूल एवं कॉलेज शतरंज स्पर्धा कल से
हरियाणाशतरंज एसोसिएशन (एचसीए) की ओर से महर्षि मारकंडेश्वर यूनिवर्सिटी सदोपुर अम्बाला में 25 से 27 सितंबर तक एचसीए की तीन दिवसीय राज्य स्तरीय इंटर स्कूल एवं कॉलेज टीम शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। चैंपियनशिप में प्रदेश के लगभग सभी जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सबसे कम आयु के शतरंज खिलाड़ी गूगल ब्वाय कौटिल्य पंडित अपनी उम्र से बडे़ दिग्गज शतरंज खिलाडिय़ों को चुनौती देगा। स्पर्धा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एचसीए की वेबसाइट www.indianchess.org के माध्यम से करवाया जा सकेगा।
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाडी इस चैंपियनशिप में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की सूची डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियन चेस डॉट ओआरजी पर जारी कर दी गई है। प्रतियोगिता के विजेता खिलाडिय़ों में से प्रदेश शतरंज टीम चुनी जाएगी, जो 3 से 5 अक्टूबर तक भिवानी में होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। चैंपियनशिप वर्ल्ड चेस फेडरेशन के नियमों के आधार पर कराई जाएगी। स्विस सिस्टम के आधार पर इसके सात मुकाबले होंगे। इस स्पर्धा के सभी राउंड लाइव होंगे जिनका सीधा प्रसारण डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियन चेस डॉट ओआरजी पर किया जाएगा।
मिलेगी छात्रवृत्ति
खेलविभाग की ओर से विजेताओं को खेल छात्रवृत्ति के अंतर्गत छात्रवृत्ति दी जाएगी। सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही अनुसूचित जाति के जो खिलाडी़ इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे उन्हें भी खेल विभाग की ओर से छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। इसकी पूरी जानकारी info.indianchess.org पर देखी जा सकती हैं।