गाड़ियाें के शीशे तोड़ने पर तीन पर केस
हिसार रोड पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप गाड़ियों के शीशे फोड़ने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला मय्यड़ के ललित की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में उसने तीन युवकों पर गाडिय़ों के शीशे फोडऩे का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि गाड़ियों के शीशे फोड़े जाने की घटना शुक्रवार देर शाम को हुई थी। कुछ लोगों ने दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप गाड़ियों के शीशे तोडऩे शुरू कर दिए। इस दौरान रोके जाने पर उनका दूसरे पक्ष से विवाद हो गया।
गाड़ियों के शीशे फोड़े जाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान कुछ चालकों ने इधर-उधर होकर किसी तरह से अपने वाहनों के शीशे टूटने से बचाए। पुलिस ने घटना के सिलसिले में मैयड़ के ललित की शिकायत पर मैयड़ के ही सोनू अजय तथा सातरोड के भूपेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में ललित ने कहा कि तीनों शराब के नशे में दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप वाहनों के शीशे फोड़ रहे थे। उन्हें ऐसा करने से रोका गया तो उन्होंने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। यही नहीं, तैश में आकर तीनों ने उसकी मोटर साइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।