- Hindi News
- मीडियाकर्मियों पर लाठियां भांजने वाले दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
मीडियाकर्मियों पर लाठियां भांजने वाले दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
हिसार | रामपालप्रकरण में पुलिस की ओर से मामले की कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों पर लाठियां भांजने और कैमरे तोड़ने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया।
पुलिस प्रवक्ता चंद्रभान ने बताया कि मामले में बवानीखेड़ा के धर्मपाल और रोहतक के कालोई निवासी चंदसिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रामपाल प्रकरण में हुई हिंसक झड़प की वीडियोग्राफी के माध्यम से दोनों की पहचान की है। वीडियो फुटेज में दोनों आरोपित मीडियाकर्मियों के कैमरे तोड़ते और लाठियां भांजते नजर रहे है। गिरफ्तार धर्मपाल भिवानी में घोड़ा पुलिस बल में तैनात है, जबकि चंदसिंह पैरा मिलिट्री फोर्स में कार्यरत है। दोनों को हांसी से गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि 18 नवंबर 2014 को बरवाला स्थित सतलोक आश्रम में आश्रम प्रमुख रामपाल के समर्थकों और पुलिस बल के बीच हुई हिंसक झड़प में पुलिस ने देशद्रोह के मामले में सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। झड़प के दौरान पुलिस ने करीब आधा दर्जन मीडियाकर्मियों पर भी लाठियां भांजी थी। वहीं, रामपाल प्रकरण में पुलिस ने एक ओर आरोपित दिल्ली निवासी आेमप्रकाश को गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।