व्यापारी के घर से नकदी और आभूषण चोरी
चोरोंने रात को शांतिनगर स्थित ब्रह्मपुरी कुटिया निवासी सब्जी मंडी व्यापारी भूपेंद्र उर्फ मोनू सैनी के घर से नकदी सहित आभूषण चोरी कर लिया। वारदात रात करीब 2 बजे की है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र रात को परिवार सहित सैनियान मोहल्ले में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी बीच चोरों ने उनके घर में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में भूपेंद्र ने बताया कि चोर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद आरोपियों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारी से सामान चोरी कर लिया। चोर उनके घर से 20 हजार की नकदी सहित लॉकर से 5 तोले सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की फोरेन्सिक टीम मौके पर पहुंची और चोरों की उंगलियों के निशान बरामद किए। सब्जी मंडी व्यापारी भूपेंद्र उर्फ मोनू के पिता कृष्ण सैनी ऑटो मार्केट में मेकैनिक है।