पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फतेहाबाद के 334 युवक ही दौड़ में पास

फतेहाबाद के 334 युवक ही दौड़ में पास

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
न्यूपुलिस लाइन में चल रही सेना भर्ती में रविवार को फतेहाबाद जिले के युवकों ने दमखम दिखाया। भर्ती में कुल 5477 युवक पहुंचे, जिसमें दौड़ में 4617 युवक शामिल हुए। आखिर में मात्र 334 अभ्यार्थी ही मेडिकल तक पहुंच सके। सेना अधिकारियों को अनुमान था कि करीब आठ हजार युवक पहुंच सकते हैं, लेकिन अनुमान के मुताबिक कम ही युवक भर्ती में शामिल हुए। भर्ती निदेशक कर्नल वाईसी लोहूमी ने बताया कि सामान्य ड्यूटी के लिए 3689

युवक पहुंचे।

शुरुआती फिजिकल और डाक्यूमेंटेशन में 769 युवक बाहर हो गए। दौड़ में 2920 युवक शामिल हुए, जिसमें 208 युवक ही दौड़ पास कर सकें। इसमें भी चार युवक बीम और लंबाई में फेल हो गए। इस तरह सामान्य ड्यूटी के लिए आए अभ्यर्थियों में मात्र 204 ही मेडिकल तक पहुंच सके।

क्लर्क और स्टोर कीपर के लिए कुल 1788 युवक पहुंचे। इसमें शुरुआती फिजिकल में 91 युवक बाहर हो गए। दौड़ में 1697 युवक शामिल हुए, जिसमें कुल 132 ही पास हो सकें। इन अभ्यर्थियों में से भी दो अभ्यर्थी बीम आैर चेस्ट में फेल हो गए। कुल मिलाकर 130 अभ्यर्थी ही मेडिकल तक पहुंच सकें।

उन्होंने बताया कि भर्ती में लगभग सात से आठ हजार युवकों के पहुंचने का अनुमान था, लेकिन कम संख्या में युवक पहुंचे। रविवार को भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न कराई गई। कोई भी दलाल या बिचौलिए नहीं पकड़ा गया।

मेडिकल में फेल हो गए सिरसा जिले के 71 युवक

शनिवारको सिरसा जिले के युवकों की भर्ती हुई थी। इसमें 209 युवक मेडिकल तक पहुंच सके थे। रविवार को इन सभी युवकों को मेडिकल कराया गया। सेना अधिकारियों के अनुसार मेडिकल में 71 युवक फेल हो गए। अब लिखित परीक्षा के लिए 138 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड दिए जा रहे हैं। लिखित परीक्षा अप्रैल माह के आखिर में कराई जाएगी।

वैसे तो न्यू पुलिस लाइन में चार फरवरी से सेना की भर्ती प्रक्रिया चल रही है, लेकिन सोमवार को होने वाली हिसार की भर्ती सबसे बड़ी रहेगी। सेना अधिकारियों के मुताबिक, हिसार और जींद जिले ऐसे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा युवक भर्ती में शामिल होते हैं। भर्ती काे शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अधिक संख्या में सेना के जवान मुस्तैद कर दिए गए हैं। भर्ती स्थल के चारों तरफ भी सेना और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। किसी भी बाहरी व्यक्ति को भर्ती स्थल के नजदीक नहीं जाने दिया जाएगा। सेना की विजिलेंस टीम भी लगाई गई है, जो भर्ती में आने वाले युवकों की हर गतिविधियों पर निगाह रखेगी। जवानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि माहौल बिगाड़ने वाले युवकों को तुरंत पकड़कर पुलिस को सौंपा जाए। भर्ती में करीब दस हजार से अधिक युवकों के पहुंचने की उम्मीद है।

न्यू पुलिस लाइन में अभ्यर्थियों का मेडिकल करते सेना अधिकारी।

हिसार के न्यू पुलिस लाइन मैदान में चल रही सेना भर्ती के दौरान रविवार को दौड़ में शामिल फतेहाबाद के युवक।