पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • काजला की तरह बिठमड़ा में भी पुलिस की लापरवाही सामने आई

काजला की तरह बिठमड़ा में भी पुलिस की लापरवाही सामने आई

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
काजलागोलीकांड की तरह बिठमड़ा हत्याकांड भी पुलिस की लापरवाही का नतीजा है। काजला में डाकिए पवन कुमार गोयल से पचास लाख रुपये की फिरौती मांगने वालों को पकड़ने के लिए परिजन थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक चक्कर लगा रहे थे, मगर पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ पाई। आखिरकार पवन पर कातिलाना हमला हो गया। बिठमड़ा का गोलीकांड के पीछे भी कुछ ऐसी ही कहानी सामने आई है। सप्ताह भर से गांव में तोड़फोड़ छुटपुट चोरी की घटनाएं हो रही थीं। ग्रामीणों ने सारा मामला पुलिस की जानकारी में डाल दिया था। हमलावरों को पकड़ने के लिए थाने के चक्कर लगा रहे थे, फिर भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठे रही।

बदमाशों पर शिकंजा कसने में पुलिस की विफलता का नतीजा है कि कृष्ण की हत्या हो गई। हालांकि उकलाना थाना इंचार्ज जगदेव सिंह पालीवाल का कहना है कि ये दोनों मामले आपस में जुड़े हुए नहीं हैं। हत्या में सरपंच बलशेर सिंह का नाम सामने रहा है जबकि पिछले दिनों चोरी मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें कृष्ण उर्फ पाढ़ा राम और जयचंद उर्फ जाचा के खिलाफ केस दर्ज हुए थे। हालांकि पुलिस ने माना कि ये दोनों भी सरपंच बलशेर सिंह के साथ रहते हैं। ये दोनों इस हत्या में शामिल है या नहीं, जांच के बाद पता चलेगा।

वहीं, आठ साल पहले मृतक कृष्ण के पिता बालाराम की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर कृष्ण की हत्या में शामिल मौजूदा सरपंच बलशेर के भाई सत्यनारायण ने वर्ष 2008 में कृष्ण के पिता बालाराम पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद बालाराम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सत्यनारायण को गिरफ्तार किया था। उकलाना मंडी एसएचओ ने बताया कि हत्या के मामले में सत्यनारायण अभी तक जेल में है।

बिठमड़ा में बढ़ती वारदातों से तंग आकर गांव की पंचायत सोमवार को उकलाना थाने पहुंची थी। पुलिस को शिकायत देकर सादाराम ने आरोप लगाया था कि 7 फरवरी को नशे में धुत्त कृष्ण और जयचंद ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में चल रही वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले सप्ताह दो अलग अलग जगहों पर तीन गाड़ियों के शीशे टूटे। उसी रात एक बस्ती में पानी की टंकी किसी ने तोड़ दी। इन्हें तोड़ने वालों को गांव के एक दो युवकों ने पहचान लिया था। तब से भी तनाव बढ़ रहा था। इससे लोग दहशत में हैं।