- Hindi News
- भर्ती में दौड़े 8171 अभ्यर्थी, पास हुए 473
भर्ती में दौड़े 8171 अभ्यर्थी, पास हुए 473
न्यूपुलिस लाइन में चल रही सेना भर्ती में मंगलवार को जींद के युवकों ने अपना जोश दिखाया। भर्ती में शामिल होने के लिए 8171 युवक पहुंचे, लेकिन 473 अभ्यर्थी ही दौड़ पास कर मेडिकल तक पहुंच सके। सेना अधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से भर्ती प्रक्रिया को कराया। भर्ती में शामिल होने के लिए जींद के युवक सोमवार देर रात ही न्यू पुलिस लाइन में पहुंच गए। भर्ती के दौरान डिप्टी डायरेक्टर जनरल तुषार मिश्रा ने मौके का मुआयना किया। उन्होंने सेना अधिकारियों और जवानों को दिशा-निर्देश दिए। भर्ती निदेशक कर्नल योगेश लोहूमी ने बताया कि सामान्य ड्यूटी के लिए 4142 युवक पहुंचे।
इसमें 871 युवक शुरुआती फिजिकल फिटनेस और दस्तावेजों में कमी के कारण बाहर निकाल दिए गए। इसमें से 3271 युवक ही दौड़ में शामिल हुए, जिसमें मात्र 204 पास हुए। सात युवक बीम में फेल हो गए। मेडिकल के लिए मात्र 197 अभ्यर्थी ही पहुंच सकें। क्लर्क और स्टोर कीपर के लिए पहुंचे 4029 युवकों में 461 शुरुआती फिजिकल में ही बाहर हो गए। दौड़ में 3568 युवकों ने भाग लिया, जिसमें 278 पास हुए। दो युवक बीम में फेल हो गए। सामान्य ड्यूटी और क्लर्क में कुल मिलाकर 473 अभ्यर्थियों का अब मेडिकल होगा।
कल होगी एजुकेशन हवलदार की भर्ती
भर्तीनिदेशक ने बताया कि बुधवार को दौड़ नहीं होगी, जिन अभ्यर्थियों ने दौड़ पास की है उनका मेडिकल कराया जाएगा। गुरुवार को एजुकेशन हवलदार की भर्ती की जाएगी।
दो अभ्यर्थी हुए चोटिल
दौड़के समय जींद के दो युवक अचानक गिर गए। सेना अधिकारियों ने आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भेजा। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद युवकों को घर भेज दिया गया।
डिप्टी डायरेक्टर जनरल तुषार मिश्रा ने बताया कि मई में फिर से भर्ती शुरू होगी। अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार, मई माह में अंबाला में सेना की भर्ती होगी। इसमें अंबाला, चंडीगढ़, करनाल, पंचकूला, यमुनानगर और कैथल जिले के युवक भाग ले सकते हैं। 16 से 26 अगस्त तक हिसार और 2 से 10 नवंबर तक चरखी दादरी में भर्ती होगी। चरखी दादरी में होने वाली भर्ती में भिवानी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के युवक भाग लेंगे। 10 से 19 अक्टूबर तक रोहतक में होने वाली भर्ती में सोनीपत, पानीपत, रोहतक और झज्जर जिले के युवक सकते हैं। इसके अलावा फरवरी 2016 में भी रोहतक में भर्ती की जाएगी।
सोमवार को दौड़ में पास हुए हिसार के अभ्यर्थियों का मेडिकल मंगलवार को हुआ। इसमें 123 अभ्यर्थी फिट हुए, जबकि 117 अभ्यर्थियों को किसी ने किसी कारण से रिव्यू केस में डाल दिया गया। नियमों के अनुसार जो अभ्यर्थी रिव्यू केस में गए हैं वह पूरी तरह अनफिट नहीं है। दोबारा अपील कर मेडिकल करा सकते हैं।
हिसार में सेना भर्ती में जींद के युवाओं की मेडिकल जांच करते अधिकारी।