- Hindi News
- गोरखधाम सुपरफास्ट में नशीली दवा सहित पकड़े
गोरखधाम सुपरफास्ट में नशीली दवा सहित पकड़े
भिवानीजंक्शन पर गुरुवार सुबह राजकीय रेलवे पुलिस ने दिल्ली से दवा ला रहे दो दैनिक यात्रियों को दबोच लिया और उनके पास से भारी मात्रा में दवाएं बरामद की। घटना की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी गई। जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी राकेश दहिया मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी। राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस के महानिदेशक श्रीकांत जाधव के निर्देशानुसार अवैध रूप से दवाओं की तस्करी रोकने के लिए विशेष टीम गठित की गई है जो हर रेलगाड़ी पर नजर रखती है। गुरुवार को गोरखपुर से हिसार जा रही गोरखधाम सुपरफास्ट भिवानी पहुंची तो जांच के दौरान दो व्यक्ति हाथ में थैले लिए हुए थे। प्लेटफार्म पर जांच की गई तो उनमें बड़े-बड़े डिब्बे थे, जिनमें दवाएं थी। पूछताछ के दौरान भारी अनियमितता पाई गई तो जानकारी स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को दी गई। जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी राकेश दहिया भिवानी जंक्शन पहुंचे और कार्रवाई कर दवाओं के डिब्बे सील कर दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस हिसार के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। दवाओं को सील कर दिया गया है और ड्रग एक्ट के तहत कार्रवाई कर दी गई है।
उधर, तोशाम में दुकानदारों ने बाजार में नशीली दवाई बिक्री करने जा रहे एक व्यक्ति को दबोचा लिया। आरोपित पंजाब का रहने वाला है। दुकानदारों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। संगरूर के बटाल खुर्द निवासी छज्जू सिंह पंजाब के नंबरों के बाइक पर बायोजैनिक कंपनी की जोलीरेस्ट दवा (इसमें नशीले साल्ट होते हैं) की चार दर्जन सिरप बिक्री के लिए सुरेंद्र सिंह चौक से मैन बाजार की तरफ जा रहा था।
अनियमितता मिलने पर दवाएं सील कर ड्रग एक्ट के तहत की कार्रवाई