रिफाइंड ऑयल की फैक्ट्री में लगी आग
इंडस्ट्रियलएरिया स्थित श्याम बिहार में गुरुवार तड़के रिफाइंड ऑयल की एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री के गेट पर ताला लगा हुआ था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे नजदीक की फैक्ट्री में काम कर रहे मजूदरों ने धुआं उठता देखा। इसके बाद इसकी जानकारी फैक्ट्री मालिक और फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फैक्ट्री मालिक का दावा है कि करीब 90 लाख रुपये का रिफाइंड ऑयल जल गया।
मोतीनगर निवासी सुशील गुप्ता की औद्योगिक क्षेत्र में श्री सांई ट्रेडर्स के नाम से रिफाइंड ऑयल की फैक्ट्री है। बुधवार रात फैक्ट्री में काम खत्म होने के बाद लेबर और अन्य कर्मचारी ताला लगाकर घर चले गए। सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब पास में बनी औद्योगिक इकाई में लेबर काम करने पहुंची तो उन्होंने देखा कि ऑयल फैक्ट्री से धुंआ निकल रहा है। इस पर मामले की जानकारी मालिक और फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की चार गाडिय़ां पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। साथ ही लेबर ने भी आग काबू करने में सहयोग किया।
हादसे की सूचना देने वाले रतन जिंदल ने बताया कि हादसे के समय फैक्ट्री में तेल से भरे चार टैंक रखे थे। इनमें करीब 800 लीटर तेल था।
शटर काटकर घुसे फैक्ट्री के अंदर
घटनाका पता चलते ही फैक्ट्री संचालक का परिवार मौके पर पहुंच गया और आग को काबू करने में जुट गया। इस बीच इकाई के कर्मचारियों की मदद से शटर को गैस कटर की मदद से काटा गया। इसके बाद अंदर तक पानी की पहुंच बन सकी।
प्रत्यक्षदर्शी बोले
प्रत्यक्षदर्शियोंने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे धमाके की आवाज सुनाई दी। इससे नजदीक फैक्ट्री में काम करने वाली लेबर बाहर आई तो रिफाइंड ऑयल फैक्ट्री से धुंआ निकल रहा था और इकाई बाहर से बंद थी। इस पर लोगों ने तुरंत इकाई संचालक फायर ब्रिगेड को सूचना दी। साथ ही बिजली निगम के कर्मचारियों को भी सूचना दी गई। औद्योगिक इकाई में सप्लाई हो रहे बिजली के कनेक्शन को बाधित किया गया।
90 लाख का रिफाइंड ऑयल जला
फैक्ट्रीके सुशील गुप्ता का कहना है कि आग के कारण उनका करीब 90 लाख रुपये का रिफाइंड ऑयल खाक हो गया। फैक्ट्री में हादसा होने से पहले करीब 150 टन ऑयल था। उन्होंने बताया कि आग लगने से यहां रखे तेल से भरे करीब 2 हजार कैन और 500 खाली कैन जल गए। एक कैन में 30 लीटर तेल डाला जाता है।
रिफाइंड ऑयल फैक्ट्री में लगी आग के बाद खाक हुआ सामान।